Fact Check: भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों का बांग्लादेश के खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने का दावा गलत
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि असल में सूर्यकुमार यादव ने बांग्लादेश के खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाया था।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 27, 2025 at 02:37 PM
- Updated: Sep 29, 2025 at 10:40 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम आतंकी हमले के बाद एशिया कप में हुए भारत-पाकिस्तान के मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने पाक खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से मना कर दिया। इसी से जोड़ते हुए एशिया कप 2025 सुपर-4 में भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए मैच का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों देशों के टीम के कप्तान को टॉस करते हुए देखा जा सकता है। टॉस जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव पीछे चले जाते हैं और बांग्लादेश के कप्तान जैकर अली (Jaker Ali) आगे आकर एंकर से बातें करने लगते हैं। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि जब दोनों टीमों के बीच मैच हुआ तो सूर्यकुमार यादव ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों से भी हाथ नहीं मिलाया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में दावा गलत पाया। असल में सूर्यकुमार यादव ने बांग्लादेश के खिलाड़ियों के हाथ मिलाया था। मैच के खत्म होने के बाद पूरी भारतीय टीम ने भी बांग्लादेश के खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाया था।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘rsaware’ ने 25 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बांगलादेश से भी हाथ नहीं मिलाया अपने सूर्या भाई ने।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडिया का लंबा वर्जन ‘GSMS Media‘ नाम के फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 24 सितंबर 2025 को शेयर किया गया है। वीडियो में 1.40 मिनट पर बंपिंग की थी।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट ‘ESPNcricinfo’ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। पोस्ट को 25 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 24 सितंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों टीम के कप्तान और खिलाड़ियों ने आपस में हाथ मिलाया था।

जांच के दौरान हमें इमेज स्टॉक वेबसाइट गेट्टी इमेज पर भी खिलाड़ियों के हाथ मिलाने की कई तस्वीरें मिलीं।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। दोनों टीमों ने हाथ मिलाया था।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 15 सितंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “इस साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के विरुद्ध ऑपरेशन सिंदूर किया था। इसके बाद भारतीय टीम के एशिया कप में पाकिस्तान के विरुद्ध खेलने को लेकर देश में काफी विरोध हुआ। एक तबका नहीं चाहता था कि हमारी टीम पड़ोसी देश की टीम के विरुद्ध एशिया कप का मुकाबला खेले। भारतीय टीम पर भी इसको लेकर दबाव था। मैच से एक दिन पहले टीम प्रबंधन ने अपने खिलाड़ियों को इंटरनेट मीडिया पर विरोध और पाकिस्तानी टीम के साथ व्यवहार को लेकर बातचीत की थी। भारत के मैच जीतने के बाद पाकिस्तानी टीम हाथ मिलाने के लिए भारतीय टीम का इंतजार करती रही, लेकिन भारतीय टीम पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में उनसे हाथ मिलाने नहीं उतरी। इसके बाद पाकिस्तानी टीम पुरस्कार वितरण समारोह में नहीं आई।”
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को एक हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में दावा गलत पाया। असल में सूर्यकुमार यादव ने बांग्लादेश के खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाया था। मैच के खत्म होने के बाद पूरी भारतीय टीम ने भी बांग्लादेश के खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाया था।
- Claim Review : भारतीय खिलाड़ियों ने बांग्लादेश की टीम से हाथ नहीं मिलाया।
- Claimed By : Inst User rsaware
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












