Fact Check: ट्रेन हादसे में 200 लोगों की मौत के दावे से वायरल वीडियो बालासोर दुर्घटना का है
जून 2023 में ओडिशा के बालासोर में ट्रेन हादसा हुआ था। उस दुर्घटना के वीडियो को शेयर कर झूठा दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Feb 5, 2025 at 05:01 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ट्रेन हादसे के नाम पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें हादसे के बाद पटरी से उतरे ट्रेन के डिब्बों को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि 3 फरवरी को हुए ट्रेन हादसे में 200 लोगों की मौत हो गई, जबकि 600 यात्री घायल हो गए।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा गलत निकला। दरअसल, वीडियो क्लिप जून 2023 में ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे का है। हाल-फिलहाल में ऐसा कोई ट्रेन हादसा नहीं हुआ है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Sachinkumar Kumar ने 5 फरवरी को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “200 तो मौत हो गई, 600 तो घायल है, 03/02/2025“

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने इसके स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस से सर्च किया। टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 3 जून 2023 को इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें अपलोड वीडियो में हादसे को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार,ओडिशा के बालासोर में तीन ट्रेनें टकरा गईं। इसमें 261 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 900 से ज्यादा घायल हो गए।

6 जून 2023 को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, हादसे में 40 लोगों की मौत केवल करंट लगने से हुई थी। इसमें सबसे पहले कोरोमंडल लूप लाइन पर मालगाड़ी से टकराई, जिससे कोरोमंडल के दो डिब्बे फिसलकर दूसरी लाइन पर आ रहे यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस से टकरा गए। इसके बाद बिजली का तार टूटकर डिब्बों पर गिर गया।

2 सितंबर 2023 को आजतक की वेबसाइट पर अपलोड खबर में लिखा है कि 2 जून को बालासोर में हुए हादसे के मामले में सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसमें रेलवे के तीन अधिकारियों सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सिग्नल) अरुण कुमार महंत, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सिग्नल) मोहम्मद आमिर खान और टेक्नीशियन पप्पू कुमार के नाम शामिल हैं। तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और सबूतों से छेड़छाड़ के आरापे लगे हैं। रेलवे की एक उच्चस्तरीय जांच में इस हादसे की वजह को ‘गलत सिग्निलिंग’ को माना गया था।

3 फरवरी को कोई ट्रेन हादसा हुआ है या नहीं, इस बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया। 4 फरवरी को अमर उजाला की वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है कि सुबह यूपी के फतेहपुर में दो मालगाड़ियां टकरा गईं। हादसे में दोनों ट्रेनों के ड्राइवर घायल हुए हैं।

सर्च में हमें 3 फरवरी को इस तरह के किसी ट्रेन हादसे की कोई खबर नहीं मिली। अगर ऐसा कोई हादसा हुआ होता तो सुर्खियों में जरूर आता।
इस बारे में हमने ओडिशा में दैनिक जागरण के रिपोर्टर राधे श्याम वर्मा से बात की। उनका कहना है कि यह वीडियो ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे का है।
बालासोर ट्रेन हादसे के वीडियो को हालिया बताकर शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल का हमने स्कैन किया। यूजर ने कुछ और ट्रेन हादसे के वीडियो को पोस्ट करते हुए उन्हें हालिया हादसों का बताया है।
निष्कर्ष: जून 2023 में ओडिशा के बालासोर में ट्रेन हादसा हुआ था। उस दुर्घटना के वीडियो को शेयर कर झूठा दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : 3 फरवरी को हुए ट्रेन हादसे में 200 लोगों की मौत हो गई, जबकि 600 यात्री घायल हो गए।
- Claimed By : FB User- Sachinkumar Kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












