X
X

Fact Check: बिहार में वकील की गिरफ्तारी का पुराना वीडियो अनिल मिश्रा का बताकर वायरल

बिहार के दरभंगा में जून में कोर्ट परिसर से हत्या के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा था। उस घटना के वीडियो को अनिल मिश्रा का बताकर वायरल किया जा रहा है।

Bihar, Darbhanga, Advocate Anil Mishra, Video Viral,

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। डॉ. भीमराव अंबेडकर के कथित अपमान के मामले में वकील अनिल मिश्रा के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। अब सेशल मीडिया पर अनिल मिश्रा से जोड़कर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पुलिसवालों को एक वकील को पकड़कर ले जाते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो अनिल मिश्रा की गिरफ्तारी का है।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो दरभंगा का है। वहां करीब चार महीने पहले एक मामले में वकील को कोर्ट परिसर से गिरफ्तार किया गया था। उस घटना के वीडियो को अब अनिल मिश्रा का बताकर शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर jatav_community999 ने 14 अक्टूबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “अनिल मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 20 जून 2025 को छपी खबर में कुछ वीडियो क्लिप भी अपलोड की गई है। इसमें वायरल क्लिप को भी देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, “दरभंगा में पुलिस ने चर्चित क्रिमिनल लॉयर अम्बर इमाम हाशमी को कोर्ट परिसर से गिरफ्तार कर लिया है। हाशमी पर हत्या का आरोप है। इसी मामले में कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन उसने खुद को व्यस्त बताया। एक घंटे बाद हाशमी एक अन्य केस की सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंच गया। इस पर कोर्ट ने उन्हें कस्टडी में लेने का आदेश दिया।”

एबीपी बिहार के यूट्यूब चैनल पर भी 22 जून 2025 को अपलोड वीडियो न्यूज में वायरल क्लिप से संबंधित खबर को देखा जा सकता है। इसमें भी इस मामले को दरभंगा में वकील हाशमी की गिरफ्तारी का बताया गया।

ईटीवी भारत की वेबसाइट पर भी 20 जून 2025 को छपी खबर में इस वीडियो से संबंधित जानकारी को देखा जा सकता है।

12 अक्टूबर को टीवी 9 की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, “पुलिस ने ग्वालियर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अनिल मिश्रा द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के आरोप में केस दर्ज किया है। इसके बाद अनिल मिश्रा गिरफ्तारी देने एसपी ऑफिस गए थे, लेकिन पुलिस ने उनको गिरफ्तार नहीं किया था।”

इस बारे में हमने दरभंगा में दैनिक जागरण के रिपोर्टर मृत्युंजय से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने उसे दरभंगा में हुई पुरानी घटना का बताया।

बिहार के पुराने वीडियो को अनिल मिश्रा का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के 84 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: बिहार के दरभंगा में जून में कोर्ट परिसर से हत्या के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा था। उस घटना के वीडियो को अनिल मिश्रा का बताकर वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : यह वीडियो अनिल मिश्रा की गिरफ्तारी का है।
  • Claimed By : Insta User- jatav_community999
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later