X
X

Fact Check: बाइक पर शव ले जाते शख्स का वीडियो है पुराना, भ्रामक दावे से वायरल

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बाइक पर युवती का शव लेकर जाते वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा गलत है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2023 का है। जब करंट लगने के कारण युवती की मौत हो गई थी। लड़की के निधन के बाद एम्बुलेंस नहीं मिल पाई थी। इसके बाद लड़की का भाई बहन के शव को बाइक पर लेकर गया था। कुछ यूजर्स उसी पुराने वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं। 

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Apr 11, 2025 at 05:54 PM
  • Updated: Apr 11, 2025 at 06:01 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बाइक पर लड़की का शव लेकर जाते एक शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यूपी के औरैया में अस्पताल में एम्बुलेंस ना मिलने के कारण एक भाई को अपनी बहन के शव को बाइक पर लेकर जाना पड़ा। वीडियो को शेयर किए जाने के समय से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह हाल की घटना है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो साल 2023 का है। जब करंट लगने के कारण एक लड़की की मौत हो गई थी। निधन के बाद एम्बुलेंस नहीं मिल पाई थी और भाई अपनी बहन के शव को बाइक पर लेकर गया था। वीडियो उसी समय का है, जिसे अब हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Dharmendra Kumar’ ने 11 अप्रैल 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “ये नया भारत है, UP के औरैया में एक भाई बहन की लाश को रोते हुए बाइक पर लेकर जा रहा है क्योंकी सरकारी अस्पताल ने एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं करवा पाया। जो बच्ची मर गई देखिए उस बच्ची की शक्ल की कैसे लाश बन कर निढाल है। घर वाले किसी तरह बच्ची की लाश को बाइक पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। बाकी एक दरिंदा बेशर्मी से चैनल पर बैठ कर कहता है की UP में सब राम राज्य है। उस बेशर्म को शर्म तो आती नहीं..”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी रिपोर्ट दैनिक जागरण की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 8 नवंबर 2023 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “बिधूना कस्बा शीतलापुरम निवासी प्रबल प्रताप की बेटी को स्नान करने दौरान करंट लग गया और वो बेहोश होकर गिर पड़ी थी। जिसके बाद स्वजन उसे अस्पताल ले गए। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया और जब डाक्टर ने पोस्टमार्टम कराने की बात कही, तो इस पर भाई व अन्य स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने इनकार कर दिया था। भाई ने बहन के शव को दुपट्टे से बांधा और बाइक से घर ले गया।”

सर्च के दौरान वायरल वीडियो से जुड़ी खबर एबीपी लाइव की वेबसाइट पर भी मिली। 8 नवंबर 2023 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”यह मामला बिधूना के सरकारी अस्पताल का है। जहां एक युवती को करंट लगने के बाद बाइक पर लाया गया था। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद भाई अपनी बहन के शव को बाइक से लेकर वापस घर आया। बताया जा रहा है कि शव को घर लाने के लिए अस्पताल की ओर से परिवार को कोई वाहन नहीं दिया गया। इसके कारण उन्हें बाइक से शव को लेकर घर जाना पड़ा।”

खबर में यह भी बताया गया है,”वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और बिधूना CHC प्रभारी और एक कर्मचारी को हटा दिया गया था।”

सर्च के दौरान ABP Ganga के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी इस घटना का वीडियो मिला। वीडियो को 8 नवंबर 2023 को अपलोड किया गया है।

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ी जा सकती हैं।

हमने वीडियो को लेकर दैनिक जागरण औरैया के जिला प्रभारी और सीनियर रिपोर्टर शशांक सिंह के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो पुराना है। यह मामला सात नवंबर 2023 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना औरैया का है, हालिया नहीं है।”

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को फेसबुक पर 6 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बाइक पर युवती का शव लेकर जाते वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा गलत है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2023 का है। जब करंट लगने के कारण युवती की मौत हो गई थी। लड़की के निधन के बाद एम्बुलेंस नहीं मिल पाई थी। इसके बाद लड़की का भाई बहन के शव को बाइक पर लेकर गया था। कुछ यूजर्स उसी पुराने वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं। 

  • Claim Review : बाइक पर शव ले जाते शख्स का यह वीडियो हालिया है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर -Dharmendra Kumar
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later