X
X

Fact Check: टैंकर से तेल लुटते लोगों का यह वीडियो पाकिस्तान नहीं, भारत का है

विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि  टैंकर से तेल भरते लोगों का वायरल वीडियो पाकिस्तान का नहीं है। असल में यह वीडियो आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 19 मार्च 2025 को हुए हादसे का है, जब एक बस और टैंकर के बीच टक्कर हो गई थी। उसी वीडियो को अब कुछ लोग पाकिस्तान का बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Mar 21, 2025 at 03:41 PM
  • Updated: Mar 25, 2025 at 09:55 AM

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर खड़े एक टैंकर को घेरे लोगों की भीड़ को देखा जा सकता है। वीडियो में लोगों के हाथ में बाल्टी, डिब्‍बे और ड्रम देखे जा सकते हैं। लोग टैंकर में से तेल भर रहे हैं। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो पाकिस्तान का है, जहां लोग हादसाग्रस्त टैंकर से तेल लूट रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में वायरल दावे को फर्जी पाया। असल में वायरल किया जा रहा है वीडियो पाकिस्तान का नहीं है। यह घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार 19 मार्च को हुई थी, जब वाराणसी से दिल्ली जा रही बस के आगे चल रहे तेल से भरे टैंकर में टक्कर हो गई। इस हादसे में कुछ यात्री जख्मी हो गए। उसी समय आस-पास के गांव के लोग सड़क पर तेल गिरता देख बाल्टी, बोतल, ड्रम ले आए और तेल भरने लग गए। उसी वीडियो को अब कुछ लोग पाकिस्तान का बताकर शेयर कर रहे हैं।

क्या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर सुखवंत सिंह ने 20 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है और लिखा है,”पाकिस्तान में कितनी गरीबी और भुखमरी है हादसाग्रस्त टैंकर से डीजल चोरी कर रहे हैं।”

वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट मनी कंट्रोल की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 19 मार्च 2025 को प्रकाशित किया गया है।  

मौजूद जानकारी के मुताबिक, “यह हादसा बुधवार 19 मार्च 2025 को सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुआ। जब एक बस और राइस ब्रान तेल के टैंकर की टक्कर हो गई। इस टक्कर के कारण तेल से भरे टैंकर का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तेल सड़क पर फैल गया। जिसके बाद आसपास के गांव  के लोग बाल्टी, ड्रम और बोतलें लेकर तेल भरने पहुंच गए।”

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण के आगरा संस्‍करण के ईपेपर को स्‍कैन किया। हमें 20 मार्च को प्रकाशित एक खबर मिली। इसमें बताया गया, “फतेहाबाद में 19 मार्च 2025 को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सुबह वाराणसी से दिल्ली जा रही स्लीपर कोच बस और राइस ब्रान तेल से भरा टैंकर टकरा गया। इस हादसे में चार यात्री घायल हो गए। टक्कर लगने के कारण टैंकर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और तेल सड़क पर गिरने लगा। जिसके बाद आस-पास के लोग अपनी बाल्टी, बोतल और ड्रम लेकर आए और तेल भरकर घर ले गए।” दैनिक जागरण की खबर के स्क्रीनशॉट को यहां देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट हमें न्यूज 18 यूपी उत्तराखंड के आधिकारिक यूट्यूब पर मिली। 19 मार्च 2025 को अपलोड वीडियो में बताया गया, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक बस और तेल के टैंकर के बीच टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद टैंकर से तेल सड़क पर गिरने लगा, जिसके बाद मौके पर पहुंची भीड़ तेल को भर के ले गई।

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य रिपोर्ट यहां देखी जा सकती है।

हमने वीडियो को लखनऊ में दैनिक जागरण के सिटी चीफ अजय श्रीवास्तव के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया, यह वीडियो पाकिस्तान का नहीं है। यह हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुआ था। एक बस और तेल टैंकर के बीच टक्कर हो गई थी। वीडियो उसी घटना का है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की सोशल स्कैनिंग की। पता चला कि यूजर को 5 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि  टैंकर से तेल भरते लोगों का वायरल वीडियो पाकिस्तान का नहीं है। असल में यह वीडियो आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 19 मार्च 2025 को हुए हादसे का है, जब एक बस और टैंकर के बीच टक्कर हो गई थी। उसी वीडियो को अब कुछ लोग पाकिस्तान का बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।

  • Claim Review : पाकिस्तान में कितनी गरीबी और भुखमरी है हादसाग्रस्त टैंकर से डीजल चोरी कर रहे हैं।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर- सुखवंत सिंह
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later