X
X

Fact Check: हाफ़िज़-ए-कुरान की तस्वीर को ‘निकाह’ के फ़र्ज़ी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है

बाप-बेटी और माँ-बेटे की शादी के दावे के साथ वायरल हो रही तस्वीरें बच्चों के हाफ़िज़-ए-कुरान बनने के अवसर की हैं, न कि निकाह की, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया है।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Sep 9, 2025 at 08:02 PM
  • Updated: Sep 10, 2025 at 09:04 AM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। सोशल मीडिया पर एक वायरल कोलाज में दो तस्वीरें हैं, जिनके बारे में दावा किया जा रहा है कि मुस्लिम समुदाय के एक पिता ने जब अपनी बेटी से शादी कर ली, तो उससे नाराज़ होकर उस व्यक्ति की पत्नी ने अपने बेटे से निकाह कर लिया।

विश्वास न्यूज़ ने अपनी जाँच में इस दावे को फ़र्ज़ी पाया। कोलाज में इस्तेमाल की जा रही पहली तस्वीर हाफ़िज़-ए-कुरान के अवसर की है। वहीं, माँ-बेटे की तस्वीर कुरान के पूरे 30वें पारे (भाग) के मुकम्मल होने के मौक़े की है।  

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Sitaram Yadav‘ ने 1 सितंबर 2025 को इस कोलाज (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा  “पाकिस्तान में बाप ने बेटी के साथ शादी कर ली तो गुस्से में आकर मां ने भी अपने बेटे से शादी कर ली”

पड़ताल

यह कोलाज एक बार पहले भी फर्जी दावे के साथ वायरल हो चुका है। उस समय भी हमने इस पोस्ट की पड़ताल की थी।  उस समय पड़ताल के लिए हमने

कोलाज में दिख रही दोनों तस्वीरों को अलग-अलग जांचा था।

पहली तस्वीर की पड़ताल:

पहली तस्वीर में एक आदमी एक लड़की के साथ दिख रहा है और दावा किया जा रहा है कि दोनों बाप-बेटी हैं और उन्होंने शादी कर ली है। तस्वीर का असली स्रोत ढूँढने के लिए हमने रिवर्स इमेज सर्च का इस्तेमाल किया।

वायरल हो रही तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह तस्वीर इस्लामिक बोर्ड.कॉम की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट में मिली।

रिपोर्ट में उन लड़कियों के बारे में जानकारी दी गई है, जिन्होंने कुरान का पाठ पूरा कर लिया है। वायरल तस्वीर भी इसी बात से जुड़ी है, जिसमें दिख रहे व्यक्ति और लड़की बाप-बेटी हैं और उन्होंने एक साथ कुरान का पाठ पूरा करके हाफ़िज़-ए-कुरान का दर्जा हासिल कर लिया है। यह तस्वीर उसी अवसर की है।

सर्च में हमें यह तस्वीर सोशल मीडिया पर भी मिली, जिसे उसी दावे के साथ शेयर किया गया है। 23 सितंबर 2018 को ‘ISLAM‘ नाम के सोशल मीडिया पेज से भी इस तस्वीर को शेयर किया गया था। तस्वीर को शेयर करते हुए बताया गया था कि यह बाप और बेटी हैं, जिन्होंने एक साथ कुरान का पाठ पूरा किया है।

दूसरी तस्वीर की जाँच:

सर्च करने पर हमें यह फोटो फ़ेसबुक पेज Poshto songs पर मिली, जिसे 31 जनवरी 2020 को पोस्ट किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, यह इस महिला के बेटे के कुरान का पाठ पूरा करने के मौक़े से जुड़ी तस्वीर है।

एक और पोस्ट में हमें यह तस्वीर इसी तरह के संदर्भ में मिली।

विश्वास न्यूज़ इन दोनों तस्वीरों में दिख रहे लोगों की पहचान की पुष्टि नहीं करता, लेकिन यह साफ़ है कि तस्वीर में दिख रहे लोगों का रिश्ता बाप-बेटा और माँ-बेटे का है, जो हाफ़िज़-ए-कुरान से जुड़ा है।

हमने इस तस्वीर के बारे में इस्लामी मामलों के जानकार सगीर अहमद से भी बात की थी। उन्होंने बताया था, “हाफ़िज़-ए-कुरान का मतलब है कि उस व्यक्ति ने पवित्र किताब को पूरी तरह से याद कर लिया है। इसे पूरा करने में कुछ महीनों से लेकर सालों तक का समय लग सकता है।”

इससे पहले भी ये तस्वीरें अलग-अलग मौकों पर इसी संदर्भ में शेयर होती रही हैं, जिनकी जाँच रिपोर्ट यहाँ पढ़ी जा सकती है।

निष्कर्ष: बाप-बेटी और माँ-बेटे की शादी के दावे के साथ वायरल हो रही तस्वीरें बच्चों के हाफ़िज़-ए-कुरान बनने के अवसर की हैं, न कि निकाह की, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया है।

  • Claim Review : एक पिता ने जब अपनी बेटी से शादी कर ली, तो उससे नाराज़ होकर उस व्यक्ति की पत्नी ने अपने बेटे से निकाह कर लिया।
  • Claimed By : FB User SItaram Yadav
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later