X
X

Fact Check: हरियाणवी डांसर और वीडियो क्रिएटर के एडिटेड वीडियो वायरल कर लोगों को फंसा रहे साइबर अपराधी

साइबर अपराधी वीडियो क्रिएटर या सोशल मीडिया इंफ्लूएंशर्स के एडिटेड वीडियो वायरल कर लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। हरियाणवी डांसर मुस्कान और महिला वीडियो क्रिएटर के वीडियो भी एडिट कर फिशिंग लिंक के साथ शेयर किए गए हैं।

Haryanvi Dancer Muskan Baby and video creator pushpa prajapti Edited Video Viral with phishing link

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। साइबर अपराधी महिलाओं के वीडियो और तस्वीरों को उनकी प्रोफाइल से चुराकर लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो किएटर या किसी अन्य महिला की सोशल मीडिया प्रोफाइल से वीडियो या तस्वीरें लेकर उन्हें एडिट करके उसका दुरुपयोग किया जाता है। कुछ इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर इस तरह के वीडियो देखे जा सकते हैं। इन वीडियो में महिलाओं को यह कहते हुए देखा जा सकता है कि उनसे बात करने के लिए प्रोफाइल पर उनका नंबर मिल सकता है। प्रोफाइल के बायो में वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि साइबर अपराधी महिलाओं के इंस्टाग्राम प्रोफाइल से उनके वीडियो चुराकर उसमें आवाज बदलकर इसका दुरुपयोग कर रहे हैं। इनमें से हरियाणवी डांसर मुस्कान बेबी और वीडियो क्रिएटर का भी वीडियो है। प्रोफाइल के बायो में फिशिंग लिंक दिया गया है, जिसके जरिए डेटा चोरी भी की जा सकती है।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम अकाउंट payl_nu_987654321 से 11 फरवरी को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया गया है। इसके दिख रही महिला को यह कहते हुए सना जा सकता है कि उससे बात करने के लिए प्रोफाइल में नंबर दिया गया है।

इसके बायो में एक लिंक दिया गया है और लिखा है, “मेरे लाइव Video Call पर आने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें”

इंस्टाग्राम अकाउंट meri_wa987654321 से 19 मार्च को एक अन्य महिला का इसी तरह का वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया गया है। इसमें भी उसको मोबाइल नंबर के लिए प्रोफाइल पर जाने को कहते हुए सुना जा सकता है।

इसके बायो में भी एक लिंक दिया गया है और लिखा है, “मेरी लाइव वीडियो देखने के लिए नीचे क्लिक करे”

पड़ताल

वायरल पोस्ट को देखने पर पता चलता है कि इसमें लगभग एक जैसा ही मैसेज दिया गया है। अकाउंट में अपलोड वीडियो में भी कुछ में एक जैसे डायलॉग सुने जा सकते हैं। हमने दोनों पोस्ट को एक-एक करके चेक किया।

पहली पोस्ट

इंस्टाग्राम अकाउंट payl_nu_987654321 से पोस्ट किए गए वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें यह वीडियो हरियाणवी डांसर मुस्कान बेबी के इंस्टाग्राम अकाउंट real_muskanbabyqueen28 पर मिला। इस वीडियो को 22 जनवरी 2024 को अपलोड किया गया है।

असली वीडियो में मुस्कान को एक डायलॉग बोलते हुए देखा जा सकता है, जबकि वायरल वीडियो में उसका मैसेज अलग है।

इंस्टाग्राम यूजर मुस्कान बेबी के करीब 9 लाख 80 हजार फॉलोअर्स हैं।

वायरल वीडियो के ऑडियो को हमने हाइव मॉडरेशन से चेक किया। इसमें इसे 99.8 फीसदी एआई संभावित या डीपफेक बताया गया।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो वाले इंस्टाग्राम यूजर के बायो में दिए गए लिंक पर क्लिक किया। इस पर क्लिक करने से एरेना एंपल डॉट कॉम वेबसाइट खुल रही है।

इस बारे में हमने मुस्कान बेबी के मैनेजर प्रिंस से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह एडिटेड वीडियो है।

इससे साफ होता है कि हरियाणवी डांसर मुस्कान बेबी के वीडियो को एडिट कर उसमें एआई निर्मित आवाज को जोड़ा गया है। साइबर अपराधी इसके साथ में एक फिशिंग लिंक शेयर कर लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।

दूसरी पोस्ट

इसके बाद हमने इंस्टाग्राम अकाउंट meri_wa987654321 द्वारा शेयर की गई पोस्ट को चेक किया। इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च करने पर इससे मिलते-जुलते वीडियो हमें यूट्यूब चैनल Pushpa पर अपलोड हुए मिले। इनमें अपलोड कुछ वीडियो और वायरल वीडियो में दिख रही महिला और लोकेशन एक ही हैं। इस चैनल के करीब तीन लाख सब्सक्राइबर हैं।

चैनल पर हमें वायरल वीडियो में दिए गए मैसेज वाला कोई वीडियो नहीं मिला। यूजर पुष्पा की इंस्टा प्रोफाइल पर भी prajapatipushpa5312023 पर हमें ऐसा कोई वीडियो नहीं मिला। यूजर के इंस्टाग्राम पर करीब दो लाख 89 हजार फॉलोअर्स हैं और उन्होंने खुद को वीडियो क्रिएटर बताया है।

हालांकि, हाइव मॉडरेशन से इसके ऑडियो को चेक करने पर इसके एआई निर्मित नहीं होने की संभावना जताई गई।

इस बारे में हमने पुष्पा प्रजापति से संपर्क किया। उनका कहना है कि उनके वीडियो को एडिट करके वायरल किया जा रहा है। उनकी अनुमति के बिना उनके वीडियो को इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसा करने वालों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेंगी।

वायरल वीडियो वाली प्रोफाइल में दिए गए लिंक पर क्लिक करने से वह भी arenaample की वेबसाइट पर ले जाता है। इसमें कोई मोबाइल नंबर नहीं दिया गया है।

इससे साफ होता है कि वीडियो क्रिएटर पुष्पा प्रजापति के वीडियो को एडिट कर उसे फिशिंग लिंक के साथ शेयर किया जा रहा है।

वायरल वीडियो वाले दोनों इंस्टा अकाउंट से इस तरह के संदेश वाले कई वीडियो पोस्ट किए गए हैं। इनमें एक लगभग एक-सा मैसेज सुना जा सकता है। कुछ पोस्ट में तस्वीरों को टूल की मदद से मूवमेंट देकर उनमें आवाज को अलग से जोड़कर शेयर किया गया है।

एक्सपर्ट की राय

इस बारे में साइबर एक्सपर्ट अनुज अग्रवाल का कहना है कि इस तरह के लिंक में हिडेन कोड भी हो सकता है, जिस पर क्लिक करने से यूजर का डेटा चोरी किया जा सकता है। अगर इसमें मोबाइल नंबर दिया भी गया है, तो इन पर कॉल करने से लोग सेक्सटॉर्शन का शिकार भी बन सकते हैं। इस तरह के लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए और न ही इस तरह से दिए गए अनजान मोबाइल नंबर पर कॉल करनी चाहिए।

खरगौन साइबर सेल में तैनात इंस्पेक्टर अभिलाष का कहना है कि इस तरह से किसी महिला या अन्य शख्स का वीडियो या तस्वीर चुराकर उसका दुरुपयोग करने पर आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया जात है। इसमें मॉर्फिंग और आइडेंटिटीटी थेफ्ट समेत अन्य धाराओं में मामल दर्ज हो सकता है। ऐसे केस में अधिकतम सात साल तक की सजा हो सकता है। सोशल मीडिया पर यूजर्स को अपने अकाउंट प्राइवेट मोड पर रखने चाहिए। अकाउंट में टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन एक्टिव रखना चाहिए। अगर किसी यूजर का कोई वीडियो या तस्वीर एडिट कर दुरुपयोग किया जा रहा है,तो उसे साइबर सेल या साइबर क्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पर तुरंत शिकायत करनी चाहिए।

निष्कर्ष: साइबर अपराधी वीडियो क्रिएटर या सोशल मीडिया इंफ्लूएंशर्स के एडिटेड वीडियो वायरल कर लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। हरियाणवी डांसर मुस्कान और महिला वीडियो क्रिएटर के वीडियो भी एडिट कर फिशिंग लिंक के साथ शेयर किए गए हैं।

  • Claim Review : मोबाइल नंबर लेने के लिए प्रोफाइल पर दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
  • Claimed By : Insta User- payl_nu_987654321
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later