Fact Check: अहमदाबाद प्लेन क्रैश के लाइव वीडियो के नाम से वायरल यह वीडियो वास्तविक नहीं, AI की मदद से बनाया गया है
गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया, जिसमें विमान पर (चालक दल समेत) सवार कुल 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इस दुर्घटना के लाइव वीडियो के दावे से वायरल हो रहा वीडियो क्लिप वास्तविक नहीं, बल्कि एआई क्रिएटेड है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jun 13, 2025 at 01:25 PM
- Updated: Jun 13, 2025 at 02:17 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। गुजरात के अहमदाबाद में हुए हादसे में विमान में (चालक दल समेत) सवार 242 में से 241 यात्री मारे गए हैं। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह विमान हादसे का लाइव वीडियो है। वायरल क्लिप में दो अलग-अलग वीडियो हैं, जिसमें एक विमान को उड़ान भरते हुए और दूसरे विमान को रनवे पर क्रैश होते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। क्रैश होते विमान का वीडियो वास्तव में एआई की मदद से बनाया गया है। वहीं दूसरा क्लिप, जिसमें विमान को उड़ान भरते हुए देखा जा सकता है, वह अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त एअर इंडिया के विमान का है। गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘नूपुर शर्मा समर्थक’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “अहमदाबाद विमान हादसे का लाइव वीडियो आया सामने #ahmedabad #aeroplanecrash crash.”

कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल क्लिप में दो अलग-अलग वीडियो हैं, जिसमें एक विमान को उड़ान भरते हुए और दूसरे विमान को रनवे पर क्रैश होते हुए देखा जा सकता है। इसलिए हमने दोनों वीडियो की अलग-अलग जांच की।
जिस वीडियो में विमान को रनवे पर क्रैश करते हुए देखा जा सकता है, वह स्वाभाविक मूवमेंट नहीं है। 12 जून को हुए हादसे के उपलब्ध फुटेज और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया। जबकि वायरल वीडियो में विमान को रनवे पर क्रैश होते हुए देखा जा सकता है।
यानी यह वीडियो संदेहास्पद है। ऑरिजिनल स्रोत को ढूंढने के लिए हमने रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली और सर्च में हमें यह वीडियो ‘जी न्यूज’ के वेरिफाइड एक्स हैंडल (आर्काइव लिंक) पर लगा मिला, जिसे अहमदाबाद विमान हादसे का “LIVE VIDEO” और “AI VIDEO” बताकर शेयर किया गया है।
यानी यह वीडियो एआई क्रिएटेड है। चूंकि जी न्यूज ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर विमान हादसे का एआई वीडियो बताते हुए शेयर किया है, इसलिए हमने इस वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल की मदद से चेक किया।
हमने इस वीडियो बफलो यूनिवर्सिटी के डीपफेक-ओ-मीटर के कई डिटेक्टर्स की मदद से चेक किया। एनालिसिस में इस वीडियो के एआई से क्रिएटेड होने की पुष्टि होती है।

देखें एनालिसिस रिपोर्ट:
इस वीडियो क्लिप को लेकर एआई और मशीन लर्निंग पर काम करने वाले अभिजीत पराशर से संपर्क किया और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “रनवे पर दुर्घटनाग्रस्त होने का विमान का वीडियो सिंथेटिक मीडिया है।”
इसके बाद हमने दूसरे वीडियो की प्रमाणिकता को चेक किया, जिसमें एक विमान को उड़ान भरने के कुछ सेकेंड बाद ही गिरते हुए देखा जा सकता है।
हमें यह वीडियो कई रिपोर्ट्स में मिला, जिसमें इसे अहमदाबाद विमान हादसे का बताया गया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में भी इस हादसे के ठीक पहले का सीसीटीवी फुटेज है, जो बताता है कि यह विजुअल एअर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान का है। कई अन्य रिपोर्ट्स में इस फुटेज को देखा जा सकता है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट में हमें वही फुटेज मिला, जो वायरल क्लिप में है। रिपोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो क्लिप अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से ठीक पहले का है।
हमारी पड़ताल से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे का है। गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया। एअर इंडिया की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद से लंदन जा रही उड़ान संख्या AI171 टेक-ऑफ के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
दी गई जानकारी के मुताबिक, “इस विमान में चालक दल के साथ कुल 242 यात्री सवार थे। इनमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक थे।” इस हादसे में 241 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है।
न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटना के दिन ही गृह मंत्री अमित शाह ने दुर्घटनास्थल का जायजा लिया था। इसके बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विमान दुर्घटना में घायल हुए लोगों के साथ मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने इस हादसे में जीवित बचे इकलौते व्यक्ति से भी भेंट की।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पिछले एक दशक में भारत में हुआ सबसे बड़ा विमान हादसा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले 2020 में एअर इंडिया एक्सप्रेस बोइंग 737 विमान हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें 21 लोग मारे गए थे।
निष्कर्ष: गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया, जिसमें विमान पर (चालक दल समेत) सवार कुल 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इस दुर्घटना के लाइव वीडियो के दावे से वायरल हो रहा वीडियो क्लिप वास्तविक नहीं, बल्कि एआई क्रिएटेड है।
- Claim Review : अहमदाबाद में हुए विमान हादसे का लाइव वीडियो।
- Claimed By : FB User-नूपुर शर्मा समर्थक
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












