X
X

Fact Check: मुंबई एयरपोर्ट पर जलभराव के नाम से वायरल किया जा रहा वीडियो चेन्नई का है

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच में पाया कि मुंबई के नाम से वायरल जलमग्न एयरपोर्ट का वीडियो चेन्नई का है। जब साल 2023 में चक्रवात मिचांग के कारण भारी बारिश हुई थी और एयरपोर्ट में जलभराव हो गया था और हवाई यात्रा भी बंद हो गई थी। वहीं दूसरा वीडियो मुंबई का ही है, पर यह वीडियो हालिया नहीं है, बल्कि साल  2021 में आए चक्रवाती तूफान ताउते का है। उस समय ताउते तूफान ने मुंबई में भारी तबाही मचाई थी। दोनों वीडियो को अब मुंबई के हालिया हालात से जोड़कर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Aug 22, 2025 at 04:08 PM
  • Updated: Aug 22, 2025 at 04:34 PM

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ और भूस्खलन हो रहे हैं। मुंबई में भी बारिश का तांडव देखने को मिला। लगातार हुई बारिश की वजह से कई जगह जलजमाव के कारण हालात बिगड़ गए हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एयरपोर्ट पर जलभराव देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मुंबई एयरपोर्ट का है।

ऐसे ही एक अन्य वीडियो, जिसमें मुंबई स्थित गेटवे ऑफ इंडिया के पास पानी का सैलाब और समुद्र से उठती लहरों को देखा जा सकता है। कई यूजर्स इस वीडियो को मुंबई का बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहा पहला वीडियो मुंबई का नहीं है। असल में यह वीडियो साल 2023 का चेन्नई एयरपोर्ट का है, जिसे अब मुंबई का बताकर शेयर किया जा रहा है। वहीं गेटवे ऑफ इंडिया का वीडियो हालिया नहीं है, बल्कि साल 2021 में मुंबई में आए ताउते तूफान का है। दोनों वीडियो पुराने हैं, जिन्हे मुंबई की हालिया स्थिति से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।  

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर Sonu Kumar Sahani ने (आर्काइव लिंक) 21 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “मुंबई एयरपोर्ट बना समुन्द्र #airport #mumbai #rain #heavyrain #airplane #plane #viralvideos #videos #facebookreels #reels मुंबई एयरपोर्ट बना समुन्द्र”

ड़िजिटल दरबार नाम के फेसबुक पेज ने मुंबई स्थित गेटवे ऑफ इंडिया के पास पानी के सैलाब के वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। हमें यह वीडियो The Federal के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 4 दिसंबर 2023 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी अनुसार, यह वीडियो चेन्नई एयरपोर्ट का है, जब मिचौंग चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश के बाद एयरपोर्ट जलमग्न हो गया था।”

सर्च के दौरान zeebiz.com की वेबसाइट पर भी वीडियो से जुड़ी खबर मिली। रिपोर्ट को 6 दिसंबर 2023 को प्रकाशित किया गया है। खबर में बताया गया,”चेन्नई में भारी बारिश ने दैनिक कामकाज को बाधित कर दिया। चक्रवात मिचांग के कारण कई इलाकों भारी बारिश हुई। जिस कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। चेन्नई हवाई अड्डे पर जलजमाव होने के कारण उड़ानें बंद हो गई थी।”

वायरल वीडियो से जुड़ी खबर अन्य खबरें यहां पढ़ें।

हमने वीडियो की पुष्टि के लिए चेन्नई स्थित पत्रकार प्रभाकरन तमिलरासू से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि ये वीडियो चेन्नई का है और पुराना है।

दूसरा वीडियो

मुंबई स्थित गेटवे ऑफ इंडिया का यह वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हमने वायरल वीडियो की पड़ताल की थी और दावे को भ्रामक पाया था। वीडियो को लेकर हमने मिड-डे के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से संपर्क किया था। उन्होंने हमें बताया था कि, यह वीडियो पुराना है। ताउते तूफान के समय ऐसा भयानक दृश्य देखने को मिला था। इसका मुंबई में हो रही हालिया बारिश से कोई संबंध नहीं है।

फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ें।

दैनिक जागरण डॉट कॉम पर 21 अगस्त 2025 को प्रकाशित खबर में बताया गया, भारी बारिश ने मुंबई के आम नागरिकों की परेशानी को भी बढ़ा दिया है। 24 घंटे में शहर में लगभग 300 मिमी बारिश हुई। स्थानीय ट्रेनों भी बारिश से बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं। लगभग 34 ट्रेनों को रद करना पड़ा है। जबकि 250 से अधिक उड़ानें भी बारिश से प्रभावित हुई हैं।मुंबई ही नहीं, भारी बारिश से महाराष्ट्र के कई जिले भी प्रभावित हुए हैं। पिछले 24 घंटे में भारी बारिश और बाढ़ से छह लोगों की मौत हो गई।”

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को 13 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को गोरखपुर का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज ने जांच में पाया कि मुंबई के नाम से वायरल जलमग्न एयरपोर्ट का वीडियो चेन्नई का है। जब साल 2023 में चक्रवात मिचांग के कारण भारी बारिश हुई थी और एयरपोर्ट में जलभराव हो गया था और हवाई यात्रा भी बंद हो गई थी। वहीं दूसरा वीडियो मुंबई का ही है, पर यह वीडियो हालिया नहीं है, बल्कि साल  2021 में आए चक्रवाती तूफान ताउते का है। उस समय ताउते तूफान ने मुंबई में भारी तबाही मचाई थी। दोनों वीडियो को अब मुंबई के हालिया हालात से जोड़कर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : बारिश के बाद मुंबई एयरपोर्ट का दृश्य।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर -Sonu Kumar Sahani
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later