Fact Check: मध्य प्रदेश का पुराना वीडियो बिहार के नाम से किया जा रहा वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। सीएमओ को थप्पड़ मारते व्यक्ति का यह वीडियो साल 2021 का है। जब मध्य प्रदेश में कोरोना गाइडलाइंस का पालन ना करने पर एक ठेले वाले का चालान काटा गया था। इस पर ठेलेवाला गुस्सा हो गया था और उसने सीएमओ के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को पीटा था। उसी वीडियो को अब कुछ लोग बिहार की हालिया घटना बताकर शेयर कर रहे हैं। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो पुराना है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Aug 12, 2025 at 03:17 PM
- Updated: Aug 12, 2025 at 05:45 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें फल बेचने वाले एक व्यक्ति को कार के पास खड़े एक आदमी को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बिहार का है। जब सीएमओ ने इस फल बेचने वाले से कुछ फल खरीदे और जब व्यक्ति ने पैसे मांगे, तो सीएमओ ने पैसे देने से मना कर दिया। ठेलेवाले के सारे फल गिरा के चला गया। इस पर आदमी गुस्सा हो गया और सीएमओ को पीट डाला।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो साल 2021 का मध्य प्रदेश के रायसेन का है। जब कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर मुख्य नगर परिषद अधिकारी (सीएमओ) ने ठेले वाले का चालान काट दिया था। इस पर ठेलेवाला गुस्सा हो गया और उसने सीएमओ और अन्य कर्मचारियों को पीटा था। उसी वीडियो को अब कुछ लोग हालिया बताकर बिहार के नाम से गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर lovekumar_4800 ने 11 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा हुआ है, “गरीब ठेले वाले ने सीएमओ को दौड़ा-दौड़ा कर सिखाया सबक”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट news18.com की वेबसाइट पर 2 मई 2021 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, “ यह मामला मध्य प्रदेश के सिलवानी का है। जहां सलीम उद्दीन नाम के एक व्यक्ति कोरोना गाइडलाइन का पालन किए बिना ही फल बेच रहा था। सलीम ने न तो मास्क लगाया था और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया था। इस पर जब सीएमओ राजेंद्र शर्मा ने उसके चालान की बात कही, तो वो गुस्सा हो गया। ठेले वाला भड़क गया और उसने अपना ठेला पलट दिया। सलीम ने सीएमओ के साथ अन्य कर्मचारियों पर भी हमला किया था। पुलिस ने शिकायत मिलने पर सलीम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।” पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें।
हमें News Express के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी वीडियो मिला। वीडियो को 4 मई 2021 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार,यह मामला मध्य प्रदेश के रायसेन का है।
दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर चार साल पहले वीडियो से जुड़ी खबर मिली। प्रकाशित खबर में बताया गया,”रायसेन के सिलवानी में ठेले पर फल बेच रहे दुकानदार का चालान काटने गए सीएमओ राजेन्द्र शर्मा और नपा कर्मचारियों को भारी पड़ गया। फल विक्रेता सलीम उद्दीन ने सबको दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। उसने सीएमओ को थप्पड़ मारे।”
वायरल वीडियो से जुड़ी कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स भी मिली, जिनमें इस वीडियो को मध्य प्रदेश का साल 2021 का मामला बताया गया है।
अधिक जानकारी के लिए हमने मध्य प्रदेश नईदुनिया डॉट कॉम के डिप्टी न्यूज एडिटर अरविंद दुबे से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो पुराना है। वीडियो अभी का नहीं है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को इंस्टाग्राम पर 2,591 लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। सीएमओ को थप्पड़ मारते व्यक्ति का यह वीडियो साल 2021 का है। जब मध्य प्रदेश में कोरोना गाइडलाइंस का पालन ना करने पर एक ठेले वाले का चालान काटा गया था। इस पर ठेलेवाला गुस्सा हो गया था और उसने सीएमओ के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को पीटा था। उसी वीडियो को अब कुछ लोग बिहार की हालिया घटना बताकर शेयर कर रहे हैं। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो पुराना है।
- Claim Review : बिहार में गरीब ठेले वाले ने सीएमओ को दौड़ा- दौड़ा कर सबक सिखाया।
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर -lovekumar_4800
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












