X
X

Fact Check: होली पर विदेशी महिला से बदसलूकी का पुराना वीडियो वायरल, मामले पर हो चुकी है कार्रवाई

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो साल 2023 का है। यह वीडियो उस वक्त का है, जब दिल्ली के पहाड़गंज में जापान की महिला के साथ कुछ लोगों ने होली के दौरान जबरदस्ती रंग लगाते हुए बदसलूकी की थी। उस वक्त पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए तीन युवकों को हिरासत में भी लिया था। अब पुराने वीडियो को फिर से फैलाया जा रहा है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Mar 17, 2025 at 05:15 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश ने 14 मार्च को होली मनाई और इसी बीच सोशल मीडिया के अलग- अलग प्लेटफार्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोगों को एक विदेशी महिला के साथ आपत्तिजनक अंदाज में होली खेलते और रंग लगाते हुए देखा जा सकता है। अब इस वीडियो को इस साल की होली से जोड़ते हुए यूजर शेयर कर रहे हैं और दावा है कि यह हालिया वीडियो है।

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो साल 2023 का है। यह वीडियो उस वक्त का है, जब दिल्ली के पहाड़गंज में जापान की महिला के साथ कुछ लोगों ने होली के दौरान जबरदस्ती रंग लगाते हुए बदसलूकी की थी। उस वक्त पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए तीन युवकों को हिरासत में भी लिया था। अब पुराने वीडियो को फिर से फैलाया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “बुरा ना मानो होली है के नाम पर ये लोग एक विदेशी लड़की को उसकी बिना मर्जी के उसे पकड़ कर रंग लगा रहे है और जबरदस्ती उसके अंगों को छु रहे है। किसी की मर्जी के बिना उसको छूना बलात्कार का प्रयास करना ही है और ये ही लोग बाद में ऐसी घटना को अंजाम देते है।”

मिलते- जुलते दावे के साथ वीडियो को एक्स पर भी यूजर शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की- फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिये सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें यह वीडियो मोजो स्टोरी के यूट्यूब चैनल पर 10 मार्च 2023 को अपलोड किया हुआ मिला। दी गई जानकारी के मुताबिक, भारत दौरे पर आई जापानी महिला को होली के दौरान तंग किया गया।

इसी बुनियाद पर हमने जांच को आगे बढ़ाया। 10 मार्च 2023 को एबीपी लाइव की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में बताया गया कि सोशल मीडिया पर बुधवार को एक वीडियो सामने आया, जिसमें होली के जश्न के दौरान दिल्ली में कुछ लोगों द्वारा एक जापानी महिला के साथ छेड़छाड़, उत्पीड़न और दुर्व्यवहार किया गया था। इसके बाद, दिल्ली पुलिस ने मामले की सूचना ली और जापानी दूतावास को एक ईमेल भेजकर महिला का विवरण मांगा। 

इसी मामले पर द हिंदू की खबर के मुताबिक, ”होली के दौरान एक जापानी महिला के साथ छेड़छाड़ करते हुए कुछ लोगों के वीडियो सामने आने के बाद, दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज से तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अविनाश (18), तुषार (20) और एक 13 वर्षीय लड़के के रूप में हुई है। तीनों ने अपनी हरकत को स्वीकार भी कर लिया है। दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (सेंट्रल) संजय कुमार सैन ने बताया कि यह घटना बुधवार को मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में हुई। पीड़िता पहाड़गंज में रुकी हुई थीं और शुक्रवार को बांग्लादेश के लिए रवाना हो गईं। हालांकि, उन्होंने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत मामले में कार्रवाई की।”

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने दैनिक जागरण, दिल्ली के सीनियर क्राइम रिपोर्टर राकेश कुमार सिंह से संपर्क साधा और वायरल पोस्ट उनके साथ शेयर की। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह वीडियो पुराना है। इस मामले में महिला ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं करवाई थी।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। सोशल स्कैनिंग में हमने पाया कि यूजर को छः हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो साल 2023 का है। यह वीडियो उस वक्त का है, जब दिल्ली के पहाड़गंज में जापान की महिला के साथ कुछ लोगों ने होली के दौरान जबरदस्ती रंग लगाते हुए बदसलूकी की थी। उस वक्त पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए तीन युवकों को हिरासत में भी लिया था। अब पुराने वीडियो को फिर से फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : होली पर विदेशी महिला से बदसलूकी का यह हालिया वीडियो है।
  • Claimed By : FB User- Dravidian Balabanth Suna
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later