Fact Check: प्रयागराज महाकुंभ का वीडियो माघ मेले का बताकर किया जा रहा है वायरल
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो प्रयागराज का ही है, माघ मेले का नहीं। असल में वीडियो जनवरी 2025 के महाकुंभ के दौरान का है। वीडियो को अब हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Dec 3, 2025 at 05:45 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इस साल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेला 3 जनवरी 2026 से शुरू होकर, 15 फरवरी 2026 महाशिवरात्रि तक जारी रहेगा। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें रुद्राक्ष की मालाओं से बने ज्योतिर्लिंगों को देखा जा सकता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि प्रयागराज में 7 करोड़ रुद्राक्ष के मनकों से 12 ज्योतिर्लिंग बनाये गए हैं, जिनके दर्शन 2026 के माघ मेले में होंगे।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो जनवरी 2025 में प्रयागराज में हुए महाकुंभ मेले का है। वीडियो को अब हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर ‘Dharmendra Chouhan’ ने 1 दिसंबर 2025 को वीडियो को शेयर कर लिखा है, “प्रयागराज में 12 ज्योतिर्लिंग 2026 में माघ मेला #viralreels #education #God #harharmahadev #maghmela2026 #viralreelsfb #foryou”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। हमें इंस्टाग्राम अकाउंट ‘prayag_waasi_’ पर वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 22 जनवरी 2025 को इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया है, “7 करोड़ 51 लाख रुद्राक्ष से बनाया गया महाकुंभ में 12 ज्योतिर्लिंग।”
हमें वीडियो से जुड़ी खबर ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 18 जनवरी 2025 को प्रकाशित किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, “प्रयागराज महाकुंभ में नागवासुकि मंदिर के पास सेक्टर छह में लगने वाले शिविर में पांच करोड़ 51 लाख रुद्राक्ष से द्वादश शिवलिंग का स्वरूप बनाया गया है। वहीं, 11 हजार त्रिशूल से शिविर शिवमय हो गया है।”
‘News18 India’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी वायरल वीडियो से जुड़ी जानकारी मिली। 17 जनवरी 2025 को अपलोड वीडियो में बताया गया, “वीडियो महाकुंभ का है, जब 7 करोड़ से अधिक रूद्राक्ष को शिवलिंगों पर लपेटकर अमेठी के शिव मौनी योगी ने 12 ज्योतिर्लिंग तैयार किये हैं। इसमें अलग-अलग रंग के त्रिशूल भी लगाए गए हैं।”
इसी वीडियो से जुड़ी तस्वीरों को ‘UP Tourism’ ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर किया था। 17 जनवरी 2025 को शेयर पोस्ट में इन तस्वीरों को महाकुंभ का बताया गया है, जहां 5.5 करोड़ से ज़्यादा रुद्राक्ष मालाओं और 11,000 त्रिशूलों से सुसज्जित 12 ज्योतिर्लिंगों को स्थापित किया गया था।
वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।
हमने माघ मेले को लेकर गूगल पर सर्च किया। हमें ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 3 दिसंबर 2025 को प्रकाशित एक खबर मिली, जिसमें लिखा है, ”इस साल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेले की शुरुआत पौष पूर्णिमा यानी 3 जनवरी से होने जा रही है। यह भव्य आयोजन (Magh Mela duration) 15 फरवरी 2026, महाशिवरात्रि तक जारी रहने वाला है।”
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, प्रयागराज के संपादकीय प्रभारी राकेश पांडेय से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो प्रयागराज का ही है, लेकिन महाकुंभ का है।
अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 33 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो प्रयागराज का ही है, माघ मेले का नहीं। असल में वीडियो जनवरी 2025 के महाकुंभ के दौरान का है। वीडियो को अब हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : प्रयागराज माघ मेले में रुद्राक्ष से बने 12 ज्योतिर्लिंग का वीडियो।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Dharmendra Chouhan
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












