Fact Check : पंजाब के मौसम अली का वीडियो बजरंग पूनिया के नाम से हुआ वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में बजरंग पूनिया के नाम से वायरल हो रही पोस्ट फर्जी साबित हुई। इस वीडियो में मौसम अली नाम के एक पहलवान हैं। इसे सोशल मीडिया यूजर बजरंग पूनिया समझकर वीडियो वायरल कर रहे हैं।
- By Vishvas News
- Updated: September 12, 2022

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर 21 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दो पहलवानों को कुश्ती लड़ते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को स्टार भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया का बताकर वायरल कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। वीडियो बजरंग पूनिया का नहीं है। इसमें दिख रहे शख्स का नाम मौसम अली है। वीडियो पहले भी वायरल हो चुका है। मौसम अली पंजाब के रहने वाले हैं।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर राजेंद्र सिंह ने 7 सितंबर को एक वीडियो को बजरंग पूनिया का बताते हुए लिखा : ‘All time gem from Bajrang punia.’
फेसबुक पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा दिया गया है। इस पोस्ट को सच समझकर दूसरे यूजर्स भी वायरल कर रहे हैं।
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो में दो पहलवानों को कुश्ती लड़ते हुए देखा जा सकता है। जब हमने कमेंट पढ़ना शुरू किया तो संतोष सिंह नाम के एक यूजर ने कमेंट में बताया कि यह पहलवान बजरंग पूनिया नहीं हैं। इनका नाम मोहम्मद मौसम अली है। यह लड़ाई स्क्रिप्टेड होती है।
पड़ताल के दौरान हमें मौसम अली का यूट्यूब चैनल मिला। यहां उनकी कुश्ती के वीडियो हैं। इनके इंस्टाग्राम अकाउंट को यहां देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए मौसम अली से संपर्क किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो उन्हीं का है।
पड़ताल के अंत में मौसम अली और बजरंग पुनिया की तस्वीरों का तुलनात्मक अध्ययन किया। दोनों के चेहरों में अंतर साफ देखा जा सकता है।

अब बारी थी वायरल पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की। फेसबुक यूजर राजेंद्र सिंह नैनीताल में रहते हैं। इस अकाउंट से चार हजार से ज्यादा लोग जुड़े हुए हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में बजरंग पूनिया के नाम से वायरल हो रही पोस्ट फर्जी साबित हुई। इस वीडियो में मौसम अली नाम के एक पहलवान हैं। इसे सोशल मीडिया यूजर बजरंग पूनिया समझकर वीडियो वायरल कर रहे हैं।
- Claim Review : वायरल हो रहा वीडियो बजरंग पुनिया का है
- Claimed By : फेसबुक यूजर राजेंद्र सिंह
- Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-