Fact Check : आवारा पशुओं के हमले की घटना का यह वीडियो महाराष्ट्र के नासिक का है, बिहार का नहीं
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बुजुर्ग पर हमला करते आवारा गायों के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के नासिक का है। जब बाइक से उत्तर रहे एक बुजुर्ग पर गायों ने हमला कर दिया था, जिसे अब बिहार का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Jul 22, 2025 at 06:52 PM
- Updated: Jul 22, 2025 at 06:55 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर आवारा पशुओं के एक बुजुर्ग पर हमले का वीडियो वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि आवारा पशुओं के हमले की यह घटना बिहार के बांका जिले की है, जहां इस घटना में बेकाबू पशुओं ने बुजुर्ग को बुरी तरह से कुचल डाला।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। यह घटना जुलाई 2025 को महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव की है, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इसी घटना के वीडियो को बिहार के नाम पर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर Bireandar Paswan ने 21 जुलाई 2025 को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा है,”बिहार के बांका जिला में पुनिसिया गांव में दो बेकाबू आवारा गायों ने बीच सड़क पर दो बुज़ुर्ग पर हमला कर दिया। बुज़ुर्ग को बुरी तरह सींगों से मारते हुए कुचल डाला। पूरी घटना CCTV में क़ैद हुई है..!”
इस पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।

पड़ताल
वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट TV9 Bharatvarsh के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 25 जून 2025 को अपलोड किया गया है।
मौजूद जानकारी के मुताबिक, “छत्रपति शिवाजी नगर, कलवन निवासी भालचंद्र रघुनाथ मालपुरे (85) दोपहिया वाहन पर पीछे बैठे थे। जैसे ही वे बाइक से उतरे, गायों ने मालपुरे को सींगों से उठा लिया और सड़क पर रौंद दिया। आस-पास खड़े लोगों ने मदद करने की कोशिश की, लेकिन गायें उन पर हमला करती रहीं। गंभीर रूप से घायल मालपुरे को स्थानीय लोगों ने कलवान ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से कलवन शहर में हड़कंप मच गया है और आवारा पशुओं पर लगाम लगाने के लिए कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।”
सर्च के दौरान हमें marathi.abplive.com की वेबसाइट पर वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 24 जून 2025 को प्रकशित खबर में बताया, “यह घटना नासिक जिले के कलवान की है। जहां एक 80 वर्षीय बुजुर्ग पर आवारा गायों ने हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत जो गई।”
हमें वीडियो से जुड़ी खबर zeenews.india.com की वेबसाइट पर भी मिली। एक जुलाई 2025 को प्रकशित खबर में बताया गया, “यह घटना महाराष्ट्र के मालेगांव की है। जब एक बुजुर्ग बाइक से उत्तर रहा था तो गाय और सांड ने बीच सड़क पर 85 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला कर दिया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया और उनकी मौत हो गई।”
वीडियो से जुड़ी अन्य न्यूज रिपोर्ट्स यहां देखी जा सकती है।
ज्यादा पुष्टि के लिए हमने नासिक स्थित पत्रकार संतोष बाटव से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो नासिक का है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को 21 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को गुरुग्राम का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बुजुर्ग पर हमला करते आवारा गायों के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के नासिक का है। जब बाइक से उत्तर रहे एक बुजुर्ग पर गायों ने हमला कर दिया था, जिसे अब बिहार का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : बिहार के बांका जिला में पुनिसिया गांव में दो बेकाबू आवारा गायों ने बीच सड़क पर दो बुज़ुर्ग पर हमला कर दिया।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Bireandar Paswan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












