X
X

Fact Check: लॉ की परीक्षा के दौरान हुई सामूहिक नकल का मामला UPSC एग्जाम का बता किया जा रहा वायरल  

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि उत्तर प्रदेश के लॉ कॉलेज में फरवरी 2024 में लॉ की परीक्षा के दौरान हुई सामूहिक नकल के वीडियो को यूपीएससी परीक्षा का बताते हुए वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया पर सामूहिक नकल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह यूपीएससी परीक्षा का है।  

विश्‍वास न्‍यूज ने इस दावे की जांच की और पाया कि यह मामला बाराबंकी के सिटी लॉ कॉलेज का था, जहां फरवरी 2024 में लॉ की परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल पकड़ी गई थी। इसका यूपीएससी परीक्षा से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट

Abhi Ghosh (Archive link) नाम के फेसबुक यूजर ने 23 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा “IAS Exam centres of UP, Bihar, Jharkhand !!! The future of Indian governance ”.

वीडियो में एक व्यक्ति कैमरा लेकर एक कॉलेज की कक्षाओं में जाता दिख रहा है जहाँ छात्र प्रश्न पत्र मिलने के बाद किताबों में से नक़ल करते दिख रहे हैं। वीडियो में इस व्यक्ति को बोलते सुना जा सकता है “सिटी लॉ कॉलेज बाराबंकी, ये देखिये गाइड, ये देखिये गाइड, पेपर बंट चुके हैं। अगले रूम में चलते हैं, लाइव सिटी लॉ कॉलेज बाराबंकी, सीधे सीधे नक़ल, उत्तर प्रदेश सरकार में उत्तर पहले। सभी के पास गाइड है। बोलिये मत आप लाइव चल रहे हैं। नक़ल करवाया जाता है, 9:30 बज रहे हैं। आइये आप लोगों को दिखता हूँ कैसे सरकार भ्रष्टाचार रोकने का काम कर रही है। ये देखिये पेपर, ये देखिये गाइड। कॉलेज में लगातार हो रहा भ्रष्टाचार। 2-4 नहीं पूरे विद्यालय में गाइड है। लाइव डी एम् साहब हैं। नौकरी चली जाएगी, बोलना मत।”

पड़ताल

यह वीडियो फर्जी दावे के साथ एक बार पहले भी वायरल हो चुका है। उस समय भी विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की थी। उस समय कीवर्ड से गूगल पर सर्च करने पर हमें  1 मार्च 2024 को आजतक की वेबसाइट पर छपी एक खबर में वायरल वीडियो मिला था। खबर के अनुसार, वीडियो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के परीक्षा केंद्र सिटी लॉ कॉलेज का था और मामला लॉ की परीक्षा का था।  

दैनिक भास्कर,  ईटीवी भारत और जी न्यूज की वेबसाइट पर छपी ख़बरों में इस घटना को बाराबंकी के सिटी लॉ कॉलेज का बताया गया था। यहां शिवम सिंह नाम के एलएलबी के एक छात्र ने 27 फरवरी 2024 को परीक्षा के दौरान हुई नकल को फेसबुक पर लाइव कर दिया था। ख़बरों के अनुसार इस घटना के बाद लॉ की परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र पर दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। कॉलेज को छह साल तक के लिए परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाने का फैसला भी सुनाया गया था।

इस बारे में हमने बाराबंकी में दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी आनंद त्रिपाठी से भी बात की थी, जिनका कहना था कि सिटी लॉ कॉलेज में टीआरसी लॉ कॉलेज का सेंटर पड़ा था। लॉ की परीक्षा के दौरान एक छात्र ने सामूहिक नकल का वीडियो वायरल कर दिया था। वीडियो सामने आने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।

वीडियो को फर्जी दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर Abhi Ghosh के फेसबुक पर लगभग 1700 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि उत्तर प्रदेश के लॉ कॉलेज में फरवरी 2024 में लॉ की परीक्षा के दौरान हुई सामूहिक नकल के वीडियो को यूपीएससी परीक्षा का बताते हुए वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : UPSC की परीक्षा के दौरान हुई सामूहिक नकल
  • Claimed By : Facebook User Abhi Ghosh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later