Fact Check: उत्तराखंड में दलित युवक की पिटाई की 2023 की घटना को हाल का बताकर किया जा रहा शेयर
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मंदिर में प्रवेश करने पर दलित युवक की पिटाई की 2023 की घटना को हाल का बताकर भ्रामक संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jan 22, 2025 at 12:05 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तराखंड में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर एक अखबार में छपी खबर का स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि उत्तरकाशी के एक गांव में मंदिर जाने की वजह से अनुसूचित जाति के युवक की रात भर पिटाई की गई। वायरल पोस्ट को शेयर किए जाने के समय से प्रतीत हो रहा है कि यह घटना हाल की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। संबंधित घटना 2023 के जनवरी महीने की है, जिसे हाल का बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Vikash Paswan’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “उत्तराखंड (उत्तरकाशी) में मोरी क्षेत्र के सालरा गांव में मंदिर जाने पर अनुसूचित जाति के युवक को रात भर जलती लकड़ी से पीटा। आख़िर मंदिर जाकर क्या हासिल करना था। तुम लोग मंदिर जाना बंद कर दोगे , यह लोग भूखे मर जाएंगे। क्योंकि यह उनका रोज़गार है, तुम लोग शिक्षा को महत्व दो उनका व्यापार मत बढ़ाओ। कलम और किताब पकड़ो बहुजनों जो तुम्हें कभी धोखा नहीं देंगी ।”

कई अन्य यूजर्स ने इस पोस्ट को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल पोस्ट में जिस खबर के स्क्रीनशॉट को शेयर किया गया है, उसके आधार पर की-वर्ड सर्च में हमें इस घटना से संबंधित कई पुरानी रिपोर्ट्स मिली।
जागरण.कॉम की 12 जनवरी की रिपोर्ट के मुताबिक, “जनपद उत्तरकाशी के मोरी थाना क्षेत्र के ग्राम बैनोल में मंदिर में प्रवेश करने पर गांव के ही अनुसूचित जाति के युवक की पिटाई करने व कोयले से दागने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही कुछ सवर्ण युवाओं ने अनुसूचित जाति के युवक को मंदिर के अंदर करीब 16 घंटे तक बंधक बनाए रखा। लकड़ी के जलते कोयले से दागा गया और बीच-बचाव करने आए युवक के पिता के सामने ही उसके कपड़े फाड़ दिए व नंगा कर पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक को मोरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में उपचार दिया गया। वहीं, इस मामले में मोरी थाना पुलिस ने बैनोल गांव के पांच युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इस घटना से गांव में तनाव है।”
आज तक की वेबसाइट पर भी इस खबर का समान संदर्भ में जिक्र है। हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल खबर करीब एक साल से अधिक पुरानी घटना की है। लाइव हिंदुस्तान.कॉम की वेबसाइट पर भी इस खबर का जिक्र है।
इसे लेकर हमने दैनिक जागरण के देहरादून में दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी देवेंद्र सती से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “यह पुरानी घटना है।”
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 5 हजार लोग फॉलो करते हैं। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तराखंड की 100 नगर निकायों के लिए 23 जनवरी को मतदान होना है।
चुनाव से संबंधित वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के चुनाव और पॉलिटिक्स सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मंदिर में प्रवेश करने पर दलित युवक की पिटाई की 2023 की घटना को हाल का बताकर भ्रामक संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : उत्तराखंड के उत्तरकाशी में मंदिर में प्रवेश करने पर दलित युवक की पिटाई।
- Claimed By : FB User-Vikash Paswan
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












