Fact Check: अरावली बचाओ आंदोलन के नाम पर दंगल प्रतियोगिता का वीडियो वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो राजस्थान में अगस्त 2025 में हुई एक दंगल प्रतियोगिता से सम्बंधित है। वीडियो को अरावली की पहाड़ियों के प्रदर्शन के हवाले से वायरल किया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Dec 24, 2025 at 04:39 PM
- Updated: Dec 24, 2025 at 04:47 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अरावली को बचाने के लिए देश के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। दरअसल सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के बाद अब 100 मीटर से कम ऊंची अरावली की पहाड़ियां अरावली में नहीं आएंगी। इसी बीच सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें बड़ी संख्या में लोगों को एक जगह पर देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो अरावली को बचाने के लिए किए जा रहे प्रदर्शनों से जुड़ा हुआ है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो राजस्थान में अगस्त 2025 में हुई एक दंगल प्रतियोगिता से सम्बंधित है। वीडियो को अरावली की पहाड़ियों के प्रदर्शन के हवाले से वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
इंस्टाग्राम यूजर पॉलिटिकल वॉइस 01 ने 18 दिसंबर को वायरल वीडियो को शेयर किया जिस पर लिखा था, “अरावली पर्वत बचाओ आंदोलन।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले वायरल वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में हमें यह भीड़ एक मैदान के इर्द-गिर्द नजर आई। वहीं, बिल्डिंग पर एक धुंधला बैनर भी दिखा।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो गुरदीप पहलवान गोपालगढ़ के इंस्टाग्राम हैंडल पर 31 अगस्त 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, यह दंगल प्रतियोगिता का वीडियो है। और यह प्रतियोगिता राजस्थान के करीरी खानपुर में हुई है।
इस वीडियो में भी हमें हूबहू यही भीड़ और दीवार पर लगा बैनर नजर आया।

वायरल वीडियो और राजस्थान में अगस्त में हुए दंगल के वीडियो का कोलाज नीचे देखा जा सकता है।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें इस दंगल की जानकारी और भी कई सोशल मीडिया हैंडल्स पर 30 अगस्त 2025 को शेयर की हुई पोस्ट में मिली। यहां बताया गया कि 30 अगस्त को राजस्थान का सबसे बड़ा दंगल ,करीरी (करौली) में आयोजित किया गया है।
इसी कड़ी में पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने सर्च गूगल ओपन टूल के जरिए न्यूज सर्च किया। हमने “करीरी दंगल”, “करौली दंगल अगस्त 2025” जैसे कीवर्ड्स का इस्तेमाल किया। सर्च में हमें दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 30 अगस्त 2025 को छपी खबर मिली। दी गई जानकारी के अनुसार, “राजस्थान के करीरी गांव में आज 30 अगस्त को भैरू बाबा के लक्खी मेले में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन होगा। दोपहर 1 बजे से शुरू होने वाले इस दंगल में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के दंगल केसरी पहलवान हिस्सा लेंगे।”
इस दंगल का वीडियो हमें राजस्थान टीवी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर भी 30 अगस्त 2025 को लाइव किया हुआ मिला। वीडियो नीचे यूट्यूब लिंक पर देखा जा सकता है।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण जयपुर में सीनियर संवाददता नरेंद्र शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह दंगल प्रतियोगिता करोली जिले में हुई थी और उस वक्त अरावली को लेकर कोई प्रदर्शन नहीं हो रहे थे। यह असंबंधित वीडियो है।
दैनिक जागरण की खबर के अनुसार, अरावली विवाद अरावली पहाड़ियों की कानूनी परिभाषा को लेकर है। रिपोर्ट में बताया गया है कि अरावली पहाड़ी वही मानी जाती है जो अपने आसपास के इलाके से 100 मीटर या उससे ज्यादा ऊंची हो। इसी परिभाषा को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा और इस मुद्दे पर राजस्थान और हरियाणा में प्रदर्शन हो रहे हैं।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर पॉलिटिकल वॉइस 01 की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि इस अकाउंट को 21 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो राजस्थान में अगस्त 2025 में हुई एक दंगल प्रतियोगिता से सम्बंधित है। वीडियो को अरावली की पहाड़ियों के प्रदर्शन के हवाले से वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : यह वीडियो अरावली को बचाने के लिए किए जा रहे प्रदर्शनों से जुड़ा हुआ है।
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर पॉलिटिकल वॉइस 01
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












