Fact Check: पाकिस्तानी फाइटर जेट गिराए जाने का नहीं, गेमिंग वीडियो का फुटेज है ये
सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी फाइटर जेट गिराए जाने के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो वास्तव में एक सिमुलेशन गेम का फुटेज है, न कि किसी वास्तविक सैन्य कार्रवाई का।
- By: Pallavi Mishra
- Published: May 9, 2025 at 05:17 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी शिविरों को निशाना बनाए जाने के बाद, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक मशीन गन 2 हेलीकॉप्टरों को मार गिराती नजर आ रही है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो तब का है, जब भारतीय सेना ने भारतीय सीमा के अंदर घुसते ही पाकिस्तान के फाइटर जेएफ-17 विमान को उड़ा दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो किसी असली हमले का नहीं, बल्कि सिमुलेशन गेमिंग क्लिप है।
क्या है वायरल?
फेसबुक पेज NAMO India ने 8 मई 2025 को वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “पाकिस्तान के फाइटर जेएफ-17 विमान को भारतीय सीमा के अंदर घुसते ही भारतीय सेना ने उड़ा दिया। #OperationSindoor #indianarmy #NarendraModi जय हिन्द”

पड़ताल
पोस्ट की पड़ताल के लिए हमने वीडियो को सबसे पहले गौर से देखा। वीडियो में 2 हेलीकॉप्टरों को देखा जा सकता है, जबकि पोस्ट में फाइटर जेट लिखा है। हेलीकॉप्टर और जेएफ-17 थंडर फाइटर जेट में अंतर नीचे दिए गए कोलाज में देखा जा सकता है।

साथ ही वीडियो दिखने में एनिमेटेड लग रहा है। हमें शक हुआ कि यह वीडियो किसी सिमुलेशन गेम का हो सकता है।
वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें ये वीडियो तो कहीं नहीं मिला, मगर इससे मिलते-जुलते कई वीडियो मिले। यहाँ इन्हें सिमुलेशन गेम आरमा 3 नाम के वीडियो गेम का बताया गया था।
इस वीडियो क्लिप को लेकर हमने डायनेमो गेम्स के फाउंडर अनीश जैन से बात किया। उन्होंने पुष्टि की कि यह वीडियो आरमा 3 गेम का है।
बताते चलें कि 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद 7 मई तड़के ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ के तहत भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में कई आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। इसके बाद 8 मई की रात को पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात में ड्रोन और मिसाइल से हमले किए। भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए डिफेंस सिस्टम S-400 से ड्रोन और मिसाइलों को हवा में मार गिराया।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर NAMO India को फेसबुक पर 5 लाख से अधिक यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी फाइटर जेट गिराए जाने के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो वास्तव में एक सिमुलेशन गेम का फुटेज है, न कि किसी वास्तविक सैन्य कार्रवाई का।
- Claim Review : पाकिस्तान के फाइटर जेएफ-17 विमान को भारतीय सीमा के अंदर घुसते ही भारतीय सेना ने उड़ा दिया।
- Claimed By : Facebok page NAMO India
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












