X
X

Fact Check : केबल की मदद से खाई पार करती बस का यह वीडियो मनाली का नहीं है

विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई। यह वीडियो मनाली का नहीं, बल्कि नेपाल का है। यह एक पुरानी क्लिप है और मनाली में इस तरह की कोई केबल बस सेवा मौजूद नहीं है।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Sep 1, 2025 at 02:08 PM
  • Updated: Sep 1, 2025 at 02:17 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारी बारिश के चलते इस समय हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मगर ऐसे में भी कई पर्यटक हिमाचल घूम रहे हैं। इन्हीं पर्यटकों पर तंज कसते हुए एक यूजर ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक बस को केबल की मदद से एक खाई पार करते देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने दावा किया कि मनाली में सड़क टूट जाने के कारण पर्यटकों की बस को केबल की मदद से खाई के दूसरै  पार ले जाया गया।

विश्‍वास न्‍यूज ने वीडियो की जांच की और पाया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो मनाली का नहीं, बल्कि नेपाल का है।

क्‍या हो रहा है वायरल

‘born_to_awara’ नाम के एक फेसबुक पेज ने 31 अगस्त 2025 को इस वीडियो को पोस्‍ट करते हुए वॉइस ओवर में कहा, “असली एडवेंचर वाले लोग अब आये हैं। उड़ उड़ के जा रहे हैं मनाली। इनके प्लान कैंसिल नहीं हो रहे हैं।”

पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच के लिए इस वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस से सर्च किया। हमें यह वीडियो 2023 में कई सोशल मीडिया पोस्ट्स में मिला। इससे यह तो साफ़ था कि वीडियो हालिया नहीं हैं। अब हमें जानना था कि वीडियो आखिर है कहां का? कुछ यूट्यूब वीडियो में इसे नेपाल का बताया गया था।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें यह वीडियो @LetsTravelTogetherUS नाम के यूट्यूब चैनल पर 31 अक्टूबर 2023 को अपलोड मिला। यहाँ इसे नेपाल का बताया गया था।

News Uncut नाम के चैनल पर भी इस वीडियो को नेपाल का बताते हुए 23 जनवरी, 2023 को अपलोड किया गया था।

@rediscovernepal नाम के यूट्यूब चैनल पर भी इस वीडियो को नेपाल का बताते हुए 18 जुलाई 2025 को अपलोड किया गया था।

https://www.youtube.com/shorts/DHteB0FD_d4

ऑटो इन्फ्लुएंसर सुपर कार ब्लौंडी की वेबसाइट पर भी इस वीडियो को लेकर एक खबर 27 मार्च 2023 को अपलोड मिली। यहां भी इसे नेपाल का बताया गया।

अब ये तो साफ़ था कि वीडियो पुराना है और नेपाल का है, मगर हमें जानना था कि क्या मनाली में ऐसी कोई केबल बस सेवा चालू है? कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें केबल बस की इस तरह की किसी सर्विस के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

इस मामले में पुष्टि के लिए हमने हिमाचल प्रदेश में दैनिक जागरण के पत्रकार हंसराज सैनी से बात की। उन्होंने कन्फर्म किया कि मनाली में ऐसी कोई बस केबल सेवा नहीं है।

खबरों के अनुसार भारी बारिश और भूस्खलन के चलते इस समय हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ का माहौल है।जागरण.कॉम की 31 अगस्त 2025 की खबर के अनुसार “हिमाचल में नदियों ने अपना रौद्र रूप धारण कर लिया है। बारिश और भूस्खलन से प्रदेश में हालात बद से बदत्तर हैं। भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में सड़कें बुरी तरह प्रभावित हैं। वहीं, मृतकों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, 20 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 320 हो गई है।”

जांच के अंत में हमने नेपाल  की पुरानी तस्‍वीर को अभी शेयर करने वाले यूजर की सोशल स्‍कैनिंग की । इस पेज को 32 हजार लोगों ने लाइक किया हुआ है, जबकि 3.72 लाख लोग इसे फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई। यह वीडियो मनाली का नहीं, बल्कि नेपाल का है। यह एक पुरानी क्लिप है और मनाली में इस तरह की कोई केबल बस सेवा मौजूद नहीं है।

  • Claim Review : केबल की मदद से खाई पार करती बस का यह वीडियो मनाली का है
  • Claimed By : Facebook page ‘born_to_awara’
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later