Fact Check: बाघ को हाथी पर ले जाने का वीडियो बिहार का नहीं, उत्तराखंड का है
जनवरी 2011 में उत्तराखंड में वन रक्षकों ने नरभक्षी बाघ का शिकार किया था। इसके बाद ग्रामीणों ने उसके शव को हाथी पर रखकर यात्रा निकाली थी। उस वीडियो को बिहार का बताया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Dec 28, 2024 at 05:08 PM
- Updated: Dec 30, 2024 at 04:11 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बाघ को हाथी पर ले जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बिहार में बाघ को इस तरह से हाथी पर ले जाया गया।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो उत्तराखंड का है, बिहार का नहीं। दरअसल, वर्ष 2011 में उत्तराखंड के रामनगर क्षेत्र में वन रक्षकों ने छह इंसानों की हत्या करने वाले बाघ को मार गिराया था। गांव वालों ने लोगों को दिखाने के लिए उसके शव को हाथी पर रखकर यात्रा निकाली थी।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Pulse India ने 27 दिसंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“इ बिहार ह बाबू,
यहां उड़ती चिड़िया को भी हल्दी लगा देते हैं ..
ऐसे अदभुद नजारे आपको
केवल बिहार में ही देखने को मिल सकते हैं!“

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका स्क्रीनशॉट निकालकर गूगल लेंस से सर्च किया। इंडिया टुडे की वेबसाइट पर 28 जनवरी 2011 को इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, उत्तराखंड के रामनगर डिवीजन में वन रक्षकों ने छह लोगों की मौत के जिम्मेदार कॉर्बेट नेशनल पार्क के एक नरभक्षी बाघ को गोली मारकर मार डाला। सुंदरखाल इलाके में वन अधिकारियों ने उसे तब पकड़ा, जब उसने एक इंसान को मार डाला था। ग्रामीणों ने बाघ की मौत पर खुशी मनाई और उसके शव को सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए हाथी पर ले गए।

26 दिसंबर को आईएफएस अधिकारी प्रवीन कासवान ने इस तरह का दावा करने वाले यूजर की पोस्ट (आर्काइव लिंक) पर जवाब देते हुए जानकारी दी कि यह उत्तराखंड के रामनगर का 2011 का वीडियो है। बाघ ने 6 लोगों को मार डाला था। बाद में वन रक्षकों ने उसका शिकार किया था।
27 जनवरी 2011 को हिन्दुस्तान टाइम्स की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट में भी इससे संबंधित खबर को देखा जा सकता है।

इस बारे में हल्द्वानी में दैनिक जागरण के रिपोर्टर गोविंद का कहना है कि वायरल वीडियो उत्तराखंड का है। हाल-फिलहाल में यहां ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है। यह वीडियो पुराना है।
उत्तराखंड के वीडियो को बिहार का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 3500 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: जनवरी 2011 में उत्तराखंड में वन रक्षकों ने नरभक्षी बाघ का शिकार किया था। इसके बाद ग्रामीणों ने उसके शव को हाथी पर रखकर यात्रा निकाली थी। उस वीडियो को बिहार का बताया जा रहा है।
- Claim Review : बिहार में शेर को इस तरह से हाथी पर ले जाया गया।
- Claimed By : FB User- Pulse India
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












