Fact Check: भाई-बहन की आपस में शादी का दावा फर्जी, वीडियो स्क्रिप्टेड है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो असली घटना की नहीं है। यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है। वीडियो में दिख रहे दोनों ही लोग एक्टर हैं।
- By: Umam Noor
- Published: Jan 8, 2025 at 03:46 PM
- Updated: Jan 9, 2025 at 05:24 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर दो मिनट का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूल यूनिफॉर्म पहने लड़की और उसके साथ एक लड़के को देखा जा सकता है। वीडियो में लड़की यह कहते हुए नजर आ रही है कि “हम भाई-बहन हैं, लेकिन हम एक- दूसरे से प्यार करते हैं और हमने शादी कर ली है।” वीडियो को सच्ची घटना मानकर कई यूजर इसे अलग- अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो असली घटना की नहीं है। यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है। वीडियो में दिख रहे दोनों ही लोग एक्टर हैं। इस वीडियो के सही होने का दावा बिल्कुल बेबुनियाद है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
एक फेसबुक पेज ‘Bhimraaj Dastak’ ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, ‘ये दोनों भाई बहन थे ??अब शादी कर ली ओर पति-पत्नी हों गये। वायरल होने के लिए कुछ भी करते हैं। ऐसे लोगों के बारे में आपकी क्या राय है ??’
सामान्य दावे के साथ इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी शेयर किया जा रहा है।
पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। दो मिनट 20 सेकंड के इस वीडियो में हमें नौ सेकेंड पर एक डिस्क्लेमर नजर आया। यहां डिस्क्लेमर में लिखा है, यह वीडियो केवल मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया है। इस वीडियो का जाति, रंग, राष्ट्रीय मूल, जातीय समूह की पहचान, उम्र, धर्म, वगैरा के आधार पर किसी को अपमानित या बदनाम करने का कोई इरादा नहीं है। इस डिस्क्लेमर पर ‘कन्हैया सिंह’ लिखा हुआ देखा जा सकता है।

इसके आधार पर हमने अपनी जांच आगे बढ़ाई और कन्हैया सिंह कीवर्ड को गूगल पर सर्च किया। सर्च करने पर हमें इस नाम से यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज मिला।
यहां यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज पर हमें वायरल वीडियो में दिख रहे दोनों ही कलाकारों के कई अन्य स्क्रिप्टेड वीडियो भी मिले।
वहीं दिए गए बायो के मुताबिक, ‘कन्हैया सिंह‘ प्रैंक या स्क्रिप्टेड वीडियो बनाने वाले क्रिएटर हैं।

वायरल वीडियो में नजर आरहे लोगों के अलावा कई और कलाकारों के भी स्क्रिप्टेड वीडियो इस पेज पर अपलोड किये गए हैं। नवंबर 2024 में ‘कन्हैया सिंह’ नामक पेज का एक और वीडियो भी फर्जी दावे के साथ वायरल हो चुका है। इस वीडियो में एक महिला दो अन्य लोगों के साथ गले में माला पहने नजर आ रही थी। वीडियो में महिला को यह कहते हुए दिखाया गया कि उसने रीति-रिवाज के तहत बाप-बेटे दोनों से शादी कर ली। इस क्लिप को भी कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सच्ची घटना मानकर साझा किया। पूरी खबर यहां उर्दू में पढ़ी जा सकती है।
जब इससे पहले ‘कन्हैया सिंह’ पेज का वीडियो वायरल हुआ था तो उस वक्त हमने हमने ‘कन्हैया सिंह’ से ईमेल के जरिये संपर्क साधा था। उन्होंने हमें पुष्टि देते हुए बताया था कि उनके पेज पर मौजूद इस तरह के सभी वीडियो स्क्रिप्टेड है।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट शेयर करने वाले फेसबुक पेज ‘Bhimraaj Dastak’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि इस पेज को एक लाख 30 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो असली घटना की नहीं है। यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है। वीडियो में दिख रहे दोनों ही लोग एक्टर हैं।
- Claim Review : भाई- बहन ने एक दूसरे से शादी कर ली है।
- Claimed By : FB User- Bhimraaj Dastak
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












