Fact Check: जोधपुर में साड़ी में पकड़े गए बदमाश के वीडियो को गलत दावे के साथ किया जा रहा वायरल
महिला के वेश में पकड़े गए शख्स के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो राजस्थान में पकड़े गये हिस्ट्रीशीटर दयाशंकर का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jul 17, 2025 at 07:29 PM
- Updated: Jul 17, 2025 at 08:00 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर महिला का वेश बनाए हुए एक शख्स का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शख्स ने साड़ी- ब्लाउज पहना हुआ है और पुलिस उसे पकड़कर ले जा रही है। दावा किया जा रहा है कि व्यक्ति एक पाकिस्तानी जासूस है और महिला का वेश बनाकर भारत में रहता था।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वीडियो राजस्थान में पकड़े गये हिस्ट्रीशीटर दयाशंकर का है। जोधपुर पुलिस का कहना है कि अभी तक पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का कोई मामला सामने नहीं आया है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘प्रिया कुमारी’ ने वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा हुआ है, “जासूस पाकिस्तान का महिला का भेस बना रखा था।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो दैनिक जागरण के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 20 जून 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, “राजस्थान के जोधपुर में एक फरार हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस तब हैरान रह गई, जब वह अपने घर में महिला के वेश में मिला। आरोपी ने साड़ी-ब्लाउज पहन रखी थी और घूंघट ओढ़कर बैठा था। पुलिस को देखकर वह इशारों में कहने लगा कि दयाशंकर (आरोपी) घर पर नहीं है। लेकिन पुलिस उसकी चालाकी समझ गई और उसे वहीं पकड़ लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।”
टीवी9 राजस्थान के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी हमें यह वीडियो इसी जानकारी के साथ मिला।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट एनडीटीवी की वेबसाइट पर 20 जून 2025 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, “जोधपुर में एक फरार हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने पुलिस पहुंची तो उसके होश उड़ गए, दरअसल आरोपी अपने ही घर में साड़ी-ब्लाउज पहनकर घूंघट में बैठा मिला। जैसे ही पुलिस दरवाजे पर आ धमकी, उसने इशारों में बताने की कोशिश की कि अपराधी दयाशंकर घर पर नहीं है। मगर पुलिस को दाल में कुछ काला लगा। हिस्ट्रीशीटर पुलिस चालाकी कर बचना चाहता था, लेकिन जैसे ही उसका घूंघट उठा तो सारी चालाकी धरी रह गई। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।”

नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 21 जून 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, “दयाशंकर उर्फ बिट्टू (35) पर मारपीट, लूट और धमकी जैसे करीब 13 संगीन मामले दर्ज हैं। वह पुलिस थाना सदर कोतवाली, जोधपुर पूर्व का वांछित अपराधी था। दयाशंकर की तलाश एक मामले में भी की जा रही थी, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 23 वर्षीय प्रिंस चावला और यश दाना पर जानलेवा हमला किया था।”
अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने जोधपुर सदर थाने में संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि दयाशंकर कुख्यात अपराधी है। उस पर कई मामले दर्ज है। काफी समय से वो फरार चल रहा था। पुलिस उसे पकड़ने की कोशिश कर रही थी, लेकिन वो महिला का वेश बनाकर छुपा हुआ था। फिर पुलिस ने सतर्कता दिखाई और उसे पकड़ लिया। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है।
हमने इस मामले को कवर करने वाले दैनिक जागरण जोधपुर के संवाददाता रंजन दवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो करीब एक महीने पुराना है और हिस्ट्रीशीटर दयाशंकर है। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में थी। लेकिन वो घर में महिला का वेश बनाकर छिपा हुआ था। फिर एक दिन पुलिस को इस पर शक हुआ और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पकड़ा गया। अभी वो पुलिस की हिरासत में है और उस पर कार्रवाई चल रही है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को एक लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला के वेश में पकड़े गए शख्स के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो राजस्थान में पकड़े गये हिस्ट्रीशीटर दयाशंकर का है। जोधपुर पुलिस का कहना है कि अभी तक पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का कोई मामला सामने नहीं आया है।
- Claim Review : पाकिस्तानी जासूस महिला बनकर भारत में रह रहा था।
- Claimed By : FB User प्रिया कुमारी
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












