X
X

Fact Check: युवक पर गोली चलाते शख्स का वीडियो हरियाणा नहीं, यूपी का है

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि युवक पर गोली चलाते शख्स का यह वीडियो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का साल 2021 का है। जिसे अब कुछ लोग हरियाणा की हालिया घटना बताकर शेयर कर रहे हैं। वीडियो को भ्रामक दावे से वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो व्यक्तियों को एक दूसरे को पिस्तौल देते हुए देखा जा सकता है। उनके पास शराब की बोतल भी है। एक अन्य व्यक्ति वीडियो बना रहा है। तभी वह व्यक्ति पिस्तौल लोड करता है और गोली चला देता है,जिसके बाद एक व्यक्ति के चिल्लाने की आवाज आती है और कैमरा नीचे गिर जाता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया घटना का बता रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हरियाणा का है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में यह वीडियो यूपी के मुजफ्फरनगर का साल 2021 में हुई घटना का है, जब एक व्यक्ति ने अपने भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसी वीडियो को अब हालिया बताकर हरियाणा के नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।  

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Rajesh Yadav’ ने 31 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “वायरल वीडियो हरियाणा से है  

तीन दोस्त ड्रिंक करते हैं एक वीडियो बनाने लगता है! उनके पास एक अवैध तमंचा भी रखा था! एक दोस्त कैमरामैन को तमंचा रखने को देता है लेकिन वो नहीं लेता इतने में कुछ बात हो जाती है! तीसरा दोस्त उसमें कारतूस डालकर कैमरामैन को गोली मार देता है! पूरी घटना की वीडियो वायरल हो गई! इस घटना से क्या सीख मिलती है?”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट एनडीटीवी की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 26 फरवरी 2021 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार,”उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पीड़ित द्वारा रिकॉर्ड किए गए एक खौफनाक वीडियो में एक व्यक्ति लापरवाही से एक देसी पिस्तौल उठाता है, उसमें गोली भरता है और अपने भतीजे को गोली मार देता है। गोली लगने के बाद पीड़ित के हाथ से मोबाइल फ़ोन गिर जाता है और दृश्य गायब हो जाते हैं।”

हमें वीडियो से जुड़ी खबर जागरण डॉट कॉम की वेबसाइट पर भी मिली। 27 फरवरी 2021 को प्रकाशित खबर के अनुसार, मामला मुजफ्फरनगर का है, जिसमें चार लोग खेत में शराब पीते हुए नजर आ रहे हैं और पिस्तौल को इधर-उधर करते हुए दिखाई दे रहे हैं। तभी एक व्यक्ति पिस्तौल में गोली लोड करता है और दूसरे व्यक्ति की गोली मार देता है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय प्रिंस के रूप में हुई है और वह कथित तौर पर आरोपी का भतीजा है। मृतक के पिता अजय ने मंसूरपुर निवासी रिश्तेदार दीपक व उसके एक साथी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने दीपक के साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।”

हमें वीडियो से जुड़ी खबर दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर भी मिली। 5 साल पहले प्रकाशित खबर में इस घटना को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का बताया गया है।

वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।

हमने वीडियो को दैनिक जागरण, मुजफ्फरनगर के ब्यूरो चीफ आनंद प्रकाश के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया की यह घटना पुरानी है और उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को करीबन 4 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को वाराणसी का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि युवक पर गोली चलाते शख्स का यह वीडियो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का साल 2021 का है। जिसे अब कुछ लोग हरियाणा की हालिया घटना बताकर शेयर कर रहे हैं। वीडियो को भ्रामक दावे से वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : युवक पर गोली चलते शख्स का वीडियो हरियाणा का है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर -Rajesh Yadav
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later