Fact Check: पुतिन के साथ बातचीत में हेडफोन को लेकर जूझते नजर आ रहे का पाकिस्तानी PM का वीडियो 2022 का है
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के हेडफोन का इस्तेमाल करने के दौरान जूझने का वाकया चीन के तियानजिन में हालिया आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन का नहीं है, बल्कि यह 2022 में उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित एससीओ सम्मेलन से इतर दोनों नेताओं के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत का है। बताते चलें कि एससीओ सम्मेलन के बाद बीजिंग में पुतिन और शाहबाज शरीफ के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत के दौरान भी कुछ ऐसा वाकया सामने आया है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Sep 3, 2025 at 04:12 PM
- Updated: Sep 3, 2025 at 07:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। चीन में हालिया आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन की बैठक के बाद सोशल मीडिया यूजर्स पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ का एक वीडियो शेयर कर रहे हैं, जिसमें उन्हें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत से पहले हेडफोन का इस्तेमाल करने में जूझते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह हास्यास्पद वाकया हालिया आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान हुई बैठक का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल हो रहा वीडियो उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित एससीओ सम्मेलन से इतर रूस के साथ हुई द्विपक्षीय बातचीत का है। 2022 में इस बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ की काफी किरकिरी हुई थी, जब उन्हें हेडफोन का इस्तेमाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा था और बाद में उन्हें इसके लिए मदद मांगनी पड़ी थी। जब यह वाकया हुआ, तब सामने बैठे पुतिन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए थे।
बताते चलें कि 2025 के एससीओ सम्मेलन के बाद बीजिंग में पुतिन और शाहबाज शरीफ के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत के दौरान भी कुछ ऐसा वाकया सामने आया है।
क्या है वायरल?
एक्स यूजर ‘@PoornimaNimo’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “Putin : So it seems you sold some weapons to Ukraine ?? Shahbaz:”
कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान संदर्भ में मिलते-जुलते दावे से शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली और सर्च में हमें यह वीडियो कई पुरानी रिपोर्ट्स में मिला, जो 2022 के उज्बेकिस्तान के समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन से संबंधित है।
एशियानेट की रिपोर्ट के मुताबिक, “उज्बेकिस्तान के समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन (SCO summit 2022) में शामिल होने आए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सामने अपनी बेइज्जती करवा बैठे। वह अपना हेडफोन ठीक करते रहे। इस दौरान पुतिन की बातों को समझ नहीं सके।”
रिपोर्ट के मुताबिक, “शिखर सम्मेलन से इतर दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई थी। व्लादिमीर पुतिन और शहबाज शरीफ एक साथ बैठे थे। इस दौरान शहबाज शरीफ अपने हेडफोन के साथ संघर्ष करते देखे गए। इसके चलते वह सोशल मीडिया यूजर्स के बीच हंसी का पात्र बन गए हैं।”
एनडीटीवी समेत अन्य रिपोर्ट्स में इस घटना का समान संदर्भ में जिक्र है। हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो 2025 के एससीओ शिखर सम्मेलन का नहीं, बल्कि 2022 के एससीओ सम्मेलन का है।
गौरतलब है कि चीन के तियानजिन में एससीओ शिखर सम्मेलन हुआ था और इसके बाद बीजिंग में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान ऐसा ही वाकया सामने आया था, जिसमें शरीफ को हेडफोन लगाने में संघर्ष करते हुए देखा गया।
कई अन्य रिपोर्ट्स में भी इसका जिक्र है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, “इस बैठक में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने बीजिंग में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपनी मुलाकात के दौरान मास्को के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए इस्लामाबाद की प्रतिबद्धता दोहराई और दोनों नेताओं की द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने की प्रतिबद्धता का श्रेय दिया।”
वायरल वीडियो को लेकर हमने विदेश मामलों को कवर करने वाले सीनियर टीवी जर्नलिस्ट मधुरेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह पुराने एससीओ सम्मेलन के दौरान हुई बैठक का वीडियो है।
भारत और SCO बैठक
22 अगस्त को विदेश मंत्रालय की तरफ से दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29-30 अगस्त को जापान के आधिकारिक दौरे पर थे, जहां उन्होंने भारत-जापान वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लिया। इसके बाद वे जापान से दो दिनों के दौरे पर (31 अगस्त-1 सितंबर) चीन पहुंचे, जहां वे एससीओ शिखर सम्मेलन में शामिल हुए।
बताते चलें कि भारत 2017 से इस समूह का सदस्य रहा है और 2022-23 में इसने इस समूह की अध्यक्षता की थी।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को एक्स पर करीब 70 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। विदेश मामलों से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के दुनिया सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के हेडफोन का इस्तेमाल करने के दौरान जूझने का वाकया चीन के तियानजिन में हालिया आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन का नहीं है, बल्कि यह 2022 में उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित एससीओ सम्मेलन से इतर दोनों नेताओं के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत का है। बताते चलें कि 2025 के SCO सम्मेलन के बाद बीजिंग में पुतिन और शाहबाज शरीफ के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत के दौरान भी कुछ ऐसा वाकया सामने आया है।
- Claim Review : रूसी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बातचीत में हेडफोन का इस्तेमाल करने में जूझते नजर आ रहे पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ।
- Claimed By : X User-Dr Poornima
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












