X
X

Fact Check: मोबाइल के चक्कर में बच्चे को भूलने वाली महिला का वीडियो टीवी शो की शूटिंग का है, असली नहीं

मोबाइल फोन पर बात करने के चक्कर में बच्चे को भूलने वाली महिला का वीडियो टीवी शो की शूटिंग का हिस्सा है। यह पहले भी कई बार वायरल हो चुका है। लोग इसे असली घटना का समझकर शेयर कर रहे हैं।

TV Show, Shooting, Viral Video,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक महिला को मोबाइल के चक्कर में अपने बच्चे को छोड़कर जाते हुए देखा जा सकता है। इसमें दिख रहा है कि एक महिला मोबाइल पर बात करते हुए जा रही है, जबकि एक शख्स छोटे बच्चे को गोदी में लिए हुए उसके पीछे-पीछे जा रहा है। बाद में वह उस बच्चे को उस महिला को दे देता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को असली समझकर शेयर कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि फोन पर बात करते हुए एक महिला बच्चे को पार्क में भूल गई थी।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि मोबाइल के चक्कर में बच्चे को भूलने वाली महिला का वीडियो असली नहीं, बल्कि एक टीवी शो की शूटिंग का हिस्सा है। 2019 में भी यह वीडियो वायरल हुआ था, तब विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल की थी।

वायरल पोस्ट

न्यूज वेबसाइट CNBC Awaaz ने 12 मार्च को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है,

“फोन पर बात करते हुए बच्चे को पार्क में भूली मां, अंजान शख्स ने चिल्ला-चिल्ला कर दिलाया याद… ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है…“

CNBC Awaaz के एक्स अकाउंट से भी इस वीडियो को समान दावे से पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया गया है।

फेसबुक यूजर Manoj Rathor ने भी इस वीडियो (आर्काइव लिंक) को इसी दावे के साथ शेयर किया हैं

इंस्टायूजर lawmemesociety ने भी इस वीडियो को इसी तरह के दावे के साथ पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने CNBC Awaaz के एक्स अकाउंट से की गई पोस्ट के कमेंट सेक्शन को चेक किया। इसमें कुछ यूजर्स ने इसे पुराना और एक यूजर ने इसे स्टेज वीडियो बताया है।

इंस्टायूजर lawmemesociety की पोस्ट पर एक यूजर ने इसे शूटिंग का हिस्सा बताया और लिखा कि पेड़ के पीछे रखे ट्राइपॉड के हिस्से को देखा जा सकता है। जबकि अन्य कुछ यूजर्स ने भी इसे शूटिंग या स्क्रिप्टेड वीडियो बताया। वीडियो में ट्राइपॉड के हिस्से और किनारे खड़ी भीड़ को देखा जा सकता है।

16 जुलाई 2020 को एक्स यूजर @Pradeep54242413 ने इस वीडियो को असली समझकर शेयर किया था। उस पर @007Simran_ एक्स हैंडल से पोस्ट कर इसे शूटिंग का वीडियो बताया गया था। साथ ही इस शूटिंग का ए​क अन्य वीडियो भी पोस्ट किया गया था, जिसमें इस वीडियो को दूसरे एंगल से देखा जा सकता है। इसमें कैमरामैन भी दिख रहा है।

https://twitter.com/007Simran_/status/1284133538141401088

इस बारे में विश्वास न्यूज ने एक्टर शरद शर्मा से बात की थी। उन्होंने इस वीडियो को टीवी शो की शूटिंग का बताया था। उन्होंने कहा था कि इस वीडियो को नासिक में शूट किया गया था, जिसमें उन्होंने रिक्शे वाले की भूमिका निभाई थी।

वीडियो को शेयर करने वाले यूजर Manoj Rathor गाजियाबाद में रहते हैं। यूजर को एक हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: मोबाइल फोन पर बात करने के चक्कर में बच्चे को भूलने वाली महिला का वीडियो टीवी शो की शूटिंग का हिस्सा है। यह पहले भी कई बार वायरल हो चुका है। लोग इसे असली घटना का समझकर शेयर कर रहे हैं।

  • Claim Review : फोन पर बात करते हुए एक महिला बच्चे को पार्क में भूल गई थी।
  • Claimed By : FB User- Manoj Rathor
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later