Fact Check: जम्मू-कश्मीर में 10 महीने पहले मारे गए आतंकी का वीडियो अब त्रिपुरा में BSF की कार्रवाई के नाम पर वायरल
जम्मू-कश्मीर में पिछले साल मारे गए एक आतंकी के वीडियो को अब त्रिपुरा सीमा पर बीएसएफ की कार्रवाई का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jun 16, 2026 at 04:12 PM
- Updated: Jun 17, 2026 at 06:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर आठ सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें जमीन पर एक शव पड़ा हुआ देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने त्रिपुरा बॉर्डर से भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक बांग्लादेशी को मार गिराया है। इस पोस्ट को सच मानकर कई यूजर्स अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। दरअसल, 2025 में जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए एक एनकाउंटर में मारे गए आतंकी के वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ वायरल किया गया है।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘sanatani Hindu’ ने 11 जून 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया, “आज बीएसएफ ने त्रिपुरा बॉर्डर पर घुसपैठ कर रहे एक कंग्लादेश का कंगलू लुढ़का दिया।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल पोस्ट में इस्तेमाल वीडियो के कई स्क्रीनशॉट निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च करना शुरू किया। हमें ‘भास्कर इंग्लिश’ की वेबसाइट पर इस वीडियो के साथ एक पुरानी खबर मिली। 10 महीने पहले पब्लिश इस खबर में बताया गया कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान दो सैनिक शहीद हो गए और एक और आतंकवादी मारा गया था। 2 अगस्त 2025 की सुबह मारे गए आतंकवादियों में से एक की पहचान पुलवामा के हारिस नजीर के तौर पर हुई थी।

सर्च के दौरान हमें ‘जागरण डॉट कॉम’ पर प्रकाशित एक खबर भी मिली। 2 अगस्त 2025 की इस खबर में बताया गया कि कुलगाम में मारे गए आतंकी का नाम हारिस नजीर डार था, जो पुलवामा के अंतर्गत राजपोरा का निवासी था। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक एके-47 राइफल, उसकी मैगजीन और ग्रेनेड सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।
जांच के दौरान ‘टाइम्स नाउ’ के यूट्यूब चैनल पर मौजूद एक रिपोर्ट में भी वायरल वीडियो दिखा। 2 अगस्त 2025 की इस रिपोर्ट में बताया गया कि कुलगाम में आतंकी हारिस नजीर डार मारा गया था।
विश्वास न्यूज ने जांच के अगले चरण में ‘दैनिक जागरण’ के जम्मू ब्यूरो प्रमुख नवीन नवाज से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि 2025 में कुलगाम में हुए एनकाउंटर में एक आतंकी मारा गया था। यह वीडियो उसी के शव का है।
अब हमें यह जानना था कि भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर क्या त्रिपुरा में ऐसा कुछ हुआ है, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया है। कीवर्ड सर्च के दौरान हमें ‘नवभारत टाइम्स’ की एक रिपोर्ट मिली। 14 जून 2026 की इस रिपोर्ट में बताया गया कि त्रिपुरा के ऊनाकोटी जिले के मुख्यालय कैलाशहर में बांग्लादेशी नागरिक, 26 वर्षीय मुजीबुर रहमान मुजीब बीएसएफ की कार्रवाई में मारा गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने भी इस घटना को लेकर एक खबर जारी की थी। उसे यहां पढ़ा जा सकता है।
क्या है संदर्भ
केंद्र सरकार पूर्वी राज्यों को लेकर अलर्ट है। जून 2026 की शुरुआत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिपुरा के सालबगान में भारत-बांग्लादेश बॉर्डर की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी बैठक की थी। इसमें घुसपैठ, हथियारों और नशे की तस्करी को लेकर सख्त कदम उठाने की बात हुई थी। ‘आजतक डॉट कॉम’ ने इसे लेकर विस्तार से एक खबर भी प्रकाशित की है।
जांच के अंत में ‘सनातनी हिंदू’ नाम के फेसबुक अकाउंट की जांच की गई। इसी अकाउंट से यह फर्जी पोस्ट की गई थी। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि यूजर को एक हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट अगस्त 2025 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी और भ्रामक साबित हुई। जम्मू-कश्मीर में पिछले साल मारे गए एक आतंकी के वीडियो को अब त्रिपुरा सीमा पर बीएसएफ की कार्रवाई का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : बीएसएफ की त्रिपुरा बॉर्डर पर घुसपैठ रोकने की कार्रवाई में मारे गए बांग्लादेशी का वीडियो।
- Claimed By : FB User Sanatani Hindu
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












