Fact Check : पीएम मोदी के 2023 के वीडियो के साथ की गई छेड़छाड़, अलग से जोड़ी गई ‘वोट चोरी’ वाली आवाज
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल वीडियो की जांच की। यह एडिटेड व फर्जी साबित हुआ।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Sep 2, 2025 at 04:29 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का एक सितंबर को पटना में समापन हो गया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की इस यात्रा का मुख्य मुद्दा एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) था। इसी मुद्दे से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पीएम को कुछ बच्चों से बात करते हुए देखा जा सकता है। जब पीएम मोदी बच्चों से पूछते हैं कि वे क्या करते हैं तो वीडियो में बच्चों को ‘वोट चोरी’ का जवाब देते हुए दिखाया गया है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल वीडियो की जांच की। यह एडिटेड व फर्जी साबित हुआ। वर्ष 2023 के जुलाई महीने में दिल्ली के प्रगति मैदान में अखिल भारतीय शिक्षा समागम का आयोजन हुआ था। उसी वक्त के वीडियो के एक हिस्से से छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप बनाई है। इसमें ‘वोट चोरी’ वाला हिस्सा अलग से जोड़ा गया है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर Baiju Yadav Kateya Gopaalganj ने 2 सितंबर को पीएम मोदी से जुड़ी एक वीडियो क्लिप पोस्ट किया। इसमें दिखाया गया है कि बच्चे पीएम के सामने वोट चोरी कहते हैं।
वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल क्लिप की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल लेंस टूल के जरिए वीडियो के कीफ्रेम्स को सर्च किया। हमें इस आयोजन से जुड़ा वीडियो कई यूट्यूब चैनल और पीएम नरेंद्र मोदी के एक्स हैंडल पर मिला।
29 जुलाई 2023 को असली वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें पीएम मोदी को बच्चों से बात करते हुए देखा जा सकता है। पूरे वीडियो में हमें वोट चोरी वाली आवाज कहीं नहीं सुनाई दी। असली वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है।
सर्च के दौरान कार्यक्रम से जुड़ा वीडियो शिक्षा मंत्रालय के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। इसे भी 29 जुलाई 2023 को अपलोड किया गया। वीडियो दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित अखिल भारतीय शिक्षा समागम का बताया गया। इस वीडियो में पीएम मोदी को वही कपड़े पहने हुए देखा जा सकता है, जो वायरल क्लिप में उन्होंने पहना हुआ है।
डीडी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर मौजूद वीडियो में बताया गया कि पीएम मोदी ने दिल्ली के प्रगति मैदान में अखिल भारतीय शिक्षा समागम का उद्घाटन किया। यह वीडियो 29 जुलाई 2023 को अपलोड किया गया।
जांच के दौरान विश्वास न्यूज ने बीजेपी के सोशल मीडिया टीम के सदस्य शशि कुमार से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि वायरल क्लिप में वोट चोर वाली आवाज अलग से जोड़ी गई है। यह पूरी तरह फर्जी और एडिटेड है।
फर्जी पोस्ट करने वाले Baiju Yadav Kateya Gopaalganj नाम के यूजर की जांच में पता चला इसे छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। एक राजनीतिक दल से जुड़ा यह यूजर कानपुर में रहता है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में वायरल क्लिप एडिटेड व फर्जी साबित हुई। पीएम मोदी के 2023 के वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके ‘वोट चोरी’ की आवाज अलग से जोड़ी गई है।
- Claim Review : पीएम मोदी के सामने बच्चों ने कहा वोट चोरी
- Claimed By : Baiju Yadav Kateya Gopaalganj
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












