Fact Check: ऋषिकेश में बंजी जंपिंग के दौरान युवती की गर्दन टूटने का दावा फर्जी, माउंट आबू के वीडियो को गलत दावे के साथ किया गया वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा फर्जी साबित हुआ। माउंट आबू के वीडियो को ऋषिकेश का बताकर झूठ फैलाया गया।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Feb 23, 2026 at 02:37 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक लड़की को बंजी जंपिंग के दौरान चिल्लाते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि ऋषिकेश में बंजी जंपिंग के दौरान गर्दन टूटने से एक युवती की मौत हो गई। इस वीडियो को सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे की जांच की। यह बेबुनियाद साबित हुआ। ऋषिकेश में ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है। माउंट आबू के वीडियो को ऋषिकेश का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। वीडियो में दिख रही लड़की का नाम फिजा खान है। उन्होंने भी वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे का खंडन करते हुए इसे फेक बताया।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘अमर प्रभात’ ने 20 फरवरी 2026 को एक वीडियो को अपलोड करते हुए दावा किया, “ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: बंजी जंपिंग के दौरान युवती ने गंवाई जान! एडवेंचर के लिए मशहूर ऋषिकेश से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ बंजी जंपिंग के दौरान एक युवती की हवा में ही गर्दन की हड्डी टूटने से मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देख हर कोई दंग है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जंप के दौरान सुरक्षा मानकों में बड़ी लापरवाही या तकनीकी चूक की आशंका जताई जा रही है। मौके पर मची अफरा-तफरी के बाद युवती को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्या रोमांच के नाम पर सुरक्षा से खिलवाड़ हो रहा है? आखिर इस मौत का जिम्मेदार कौन है?”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे की जांच के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। कीवर्ड से सर्च करने पर हमें पहली ही खबर टीवी9 भारतवर्ष के यूट्यूब चैनल पर मिली। 21 फरवरी 2026 की इस खबर में बताया गया है कि बंजी जंपिंग के दौरान जिस लड़की की मौत का दावा किया गया, उसने खुद सामने आकर वायरल वीडियो को गलत बताया है। खबर में फिजा नाम की एक लड़की को अपनी बात रखते हुए भी दिखाया गया है। वायरल वीडियो को राजस्थान के माउंटआबू का बताया गया है।
सर्च के दौरान सुदर्शन उत्तराखंड के यूट्यूब चैनल पर हमें एक खबर मिली। 20 फरवरी 2026 की इस रिपोर्ट में टिहरी गढ़वाल के एसएसपी आयुष अग्रवाल के हवाले से बताया गया है कि ऋषिकेश या शिवपुरी में ऐसी कोई घटना नहीं घटी है।
सर्च के दौरान हमें असली वीडियो माउंट आबू के ‘विक्टरी फन पार्क’ के इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। 18 फरवरी 2026 के वीडियो के साथ ‘वंडर मस्ती’ नाम के एक दूसरे इंस्टाग्राम हैंडल को भी टैग किया गया था।

हमें असली वीडियो के अलावा फिजा खान का वह वीडियो भी मिला, जिसमें उनके नाम पर फर्जी वायरल वीडियो की सच्चाई वह खुद सामने आकर बयां कर रही हैं।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को बढ़ाते हुए फिजा खान से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में किया गया जा रहा दावा फेक है। उन्हें कुछ नहीं हुआ है। कुछ लोग व्यूज के लिए उनके वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल कर रहे हैं।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। फेसबुक पेज अमर प्रभात को 45 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह पेज यूपी के बदायूं से संचालित होता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा फर्जी साबित हुआ। माउंट आबू के वीडियो को ऋषिकेश का बताकर झूठ फैलाया गया। वायरल वीडियो में दिख रही युवती फिजा खान ने खुद सच्चाई बयां की है।
- Claim Review : ऋषिकेश में बंजी जंपिंग के दौरान युवती की गर्दन टूटने से हुई मौत।
- Claimed By : FB User Amar Prabhat
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












