X
X

Fact Check: ऋषिकेश में नहीं टूटा बंजी जंपिंग का प्लेटफॉर्म, AI से बनाया गया फर्जी वीडियो

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। ऋषिकेश में ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है। इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें अचानक से बंजी जंपिंग के प्लेटफॉर्म को टूटते हुए देखा जा सकता है। साथ में इस पर मौजूद लोगों को नीचे गिरते हुए भी देखा जा सकता है। सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह हादसा ऋषिकेश में हुआ है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। ऋषिकेश में ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है। इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Shaharyar Muhammedi ने 22 मई को एक वीडियो को पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “ऋषिकेश से सामने आया एक डरावना वीडियो, जिसमें बंजी जंपिंग का प्लेटफॉर्म टूटता हुआ नजर आ रहा है। ये घटना रोमांच के बीच सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने ऋषिकेश के नाम से वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले इसके कई की-फ्रेम्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस और यान्‍डेक्‍स टूल के जरिए सर्च किया। काफी सर्च करने के बाद हमें असली वीडियो Quake Skyfall नाम के एक यू-ट्यूब चैनल पर मिला। 3 मई को अपलोड इस वीडियो के साथ कैप्‍शन में बताया गया कि इसे एआई की मदद से बनाया गया है। किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

इस चैनल की स्‍कैनिंग से पता चला कि यह स्‍वीडन से संचालित होता है। चैनल पर हमें एआई निर्मित कई वीडियो मिले, जो हादसे को लेकर बनाए गए थे।

इस वीडियो में हमें The Cliff लिखा हुआ नजर आया। इसके आधार पर गूगल ओपन सर्च किया गया। हमें पता चला कि नेपाल में द क्लिप नाम का एक रिजार्ट है, जो बंगी जंपिंग और स्विंग के लिए काफी फेमस है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए The Cliff के इंस्टाग्राम हैंडल को स्‍कैन किया। यहां हमें कई ऐसे वीडियो मिले, जिसमें वायरल वीडियो वाला प्‍लेटफॉर्म, इसके ऊपर SWING लिखा नजर आया।

विश्‍वास न्‍यूज ने नेपाल के द क्लिफ रिजॉर्ट से भी संपर्क किया। उनकी ओर से बताया गया कि वायरल वीडियो में दिख रही जगह उन्‍हीं की है। लेकिन, वीडियो को एआई द्वारा बनाया गया है। इसकी रिपोर्ट भी की गई है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो को लेकर सहयोगी डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू (एमसीए की पहल) की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। WasitAI टूल से चेक करने के लिए वीडियो में मानवीय आकृतियों पर ध्यान केंद्रित करने वाले कीफ़्रेम निकाले गए। परिणाम बताते हैं कि ये दृश्य एआई द्वारा बनाए गए या छेड़छाड़ किए गए थे। डीएयू की टीम ने वायरल वीडियो को अच्‍छे से जांचा परखा। इसके आधार पर उनका निष्‍कर्ष यही था कि वायरल वीडियो एआई निर्मित है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच के दौरान दैनिक जागरण, ऋषिकेश के प्रभारी दीपक सेमवाल से संपर्क किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि ऋषिकेश में ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है। यह फेक वीडियो है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित पत्रकार उपेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि नेपाल में वायरल वीडियो वाला कोई हादसा नहीं हुआ है।

पड़ताल के अंत में फर्जी दावा करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यूजर को सात हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। इससे अधिक जानकारी इस प्रोफाइल के बारे में नहीं मिली।

निष्‍कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो फर्जी है। ऋषिकेश में ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है। यह एआई निर्मित वीडियो है।

  • Claim Review : ऋषिकेश से सामने आया एक डरावना वीडियो, जिसमें बंजी जंपिंग का प्लेटफॉर्म टूटता हुआ नजर आ रहा है।
  • Claimed By : FB User Shaharyar Muhammedi
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later