X
X

Fact Check : दिल्‍ली आतंकी हमले को वरिष्‍ठ पुलिस अफसर ने नहीं बताया सीएनजी ब्‍लास्‍ट, फेक पोस्‍ट वायरल

विश्वास न्यूज की टीम ने विस्‍तार से इसकी जांच की। सोशल मीडिया पोस्‍ट पूरी तरह से झूठी और बेबुनियाद साबित हुई। केंद्र सरकार इसे आतंकी घटना मान चुकी है।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Nov 13, 2025 at 02:30 PM
  • Updated: Mar 26, 2026 at 06:14 PM

नई दिल्ली (उमम नूर/आशीष महर्षि)। देश की राजधानी दिल्‍ली में 10 नवंबर को हुए बम धमाके को केंद्र सरकार ने आतंकी हमला घोषित कर दिया है। लाल किला मेट्रो स्‍टेशन के पास सोमवार शाम हुए धमाके में 10 लोग मारे गए। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्‍ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि दिल्‍ली पुलिस के स्पेशल सीपी (कानून एवं व्यवस्था) रवींद्र यादव ने इस आतंकी हमले को सीएनजी सिलेंडर से हुआ धमाका बताया। इस पोस्‍ट को सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की टीम ने विस्‍तार से इसकी जांच की। सोशल मीडिया पोस्‍ट पूरी तरह से झूठी और बेबुनियाद साबित हुई। केंद्र सरकार इसे आतंकी घटना मान चुकी है। साथ में एनआईए जैसी एजेंसी इस पूरे हमले की जांच कर रही है। इस मामले में पूरे देश से कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

वायरल पोस्ट को 11 नवंबर को शेयर करते हुए फेसबुक यूजर चाँद मोहम्मद ने लिखा, “लालक़िला मेट्रो के गेट 1 पर हुआ विस्फोट एक दुर्भाग्यपूर्ण CNG सिलेंडर विस्फोट था आतंकी हमला नहीं! स्पेशल सीपी रवींद्र यादव (कानून एवं व्यवस्था) ने इसकी पुष्टि की है! बिना किसी नतीजे के नफ़रती कीड़ों ने मुसलमानों पर तंज़ कसना शुरू कर दिया है ! पूरा सोशल मीडिया इसी तरह के पोस्ट से भर गया है।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट में किए गए दावे की जांच के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया हमें। स्पेशल सीपी (कानून एवं व्यवस्था) रवींद्र यादव के नाम पर वायरल पोस्‍ट से जुड़ी एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके। यदि उन्‍होंने ऐसा कोई बयान दिया होता, तो वह जरूर मीडिया में आता।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने पीआईबी फैक्‍ट चेक के एक्‍स हैंडल को स्‍कैन किया । 11 नवंबर की पोस्‍ट में वायरल पोस्‍ट को फेक बताते हुए‍ पीआईबी की ओर से लिखा गया कि दावा फर्जी है। दिल्ली पुलिस के किसी भी अधिकारी ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। कृपया सतर्क रहें। कोई भी असत्यापित जानकारी साझा न करें। केवल प्रामाणिक और आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्ट को लेकर अपने सहयोगी दैनिक जागरण, दिल्‍ली के क्राइम रिपोर्टर राकेश कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें जानकारी देते हुए बताया कि यह एक आतंकी हमला था। शुरुआती जांच में हर एंगल से जांच की जा रही थी, लेकिन अब फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर यह स्पष्ट है कि धमाका CNG सिलेंडर विस्फोट नहीं था। वायरल पोस्ट जैसा कोई बयान स्पेशल सीपी रवींद्र यादव ने नहीं दिया गया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए रवींद्र यादव से भी संपर्क किया। उन्‍होंने भी वायरल पोस्‍ट को फर्जी बताया।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर चाँद मोहम्मद को 52 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। दिल्‍ली पुलिस के स्पेशल सीपी (कानून एवं व्यवस्था) रवींद्र यादव ने धमाके को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जैसा कि वायरल पोस्‍ट में लिखा गया है। केंद्र सरकार लाल किला मेट्रो स्‍टेशन के गेट के पास हुए धमाके को आतंकी हमला घोषित कर चुकी है।

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later