X
X

Fact Check : पुलिसकर्मियों के सामने नागिन डांस करती महिला का वीडियो मूवी की शूटिंग का है

विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक महिला को एक फिल्‍मी गाने पर नागिन डांस करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया गया है कि उत्तर प्रदेश में कोतवाली से जमानत मिलने पर महिला ने थाने के बाहर पुलिस के सामने नागिन डांस किया। वीडियो को सच मानकर कई यूजर्स इसे शेयर कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल, फिल्‍म ‘एक चतुर नार’ की शूटिंग के दौरान की एक क्लिप को गलत दावे के साथ वायरल किया गया। यूपी में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर राकेश जैन ने एक वीडियो को पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “उत्तरप्रदेश में कोतवाली थाने से जमानत मिलने पर महिला ने थाने के बाहर पुलिस के सामने किया नागिन डांस। वीडियो वायरल हुआ।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल की शुरुआत से पहले वायरल क्लिप को ध्‍यान से देखा। इसमें हमें बॉलीवुड एक्‍टर सुशांत सिंह नजर आए। इसके अलावा कैमरा भी नजर आया। इससे हमें यह तो स्‍पष्‍ट हो गया कि यह जरूर किसी शूटिंग से जुड़ी क्लिप है।

जांच की शुरुआत करने के लिए सबसे पहले सुशांत सिंह के सोशल मीडिया हैंडल्‍स को स्‍कैन किया। हमें इनके इंस्‍टाग्राम हैंडल पर असली वीडियो मिला। इसे 12 सितंबर को अपलोड करते हुए इसे ‘एक चतुर नार’ नाम फिल्‍म का बताया गया। इस वीडियो में सुशांत सिंह को भी देखा जा सकता है। वीडियो में नागिन डांस करने वाली एक्‍टर्स का नाम छाया बताया गया।

जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से सर्च करने पर हमें फिल्‍म के बारे में पता चला। दिव्या खोसला कुमार और नील नितिन मुकेश की डार्क कॉमेडी फिल्म एक चतुर नार 12 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म के निर्देशक उमेश शुक्ला हैं। इसमें सुशांत सिंह और छाया कदम ने भी काम किया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, लखनऊ के डिप्टी चीफ रिपोर्टर विवेक राव से संपर्क किया। उन्‍होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो एक फिल्‍म की शूटिंग का है। वीडियो में बॉलीवुड कलाकार सुशांत सिंह को देखा जा सकता है।

विश्‍वास न्‍यूज ने इस वीडियो को लेकर दैनिक जागरण के लिए बॉलीवुड को कवर करने वालीं वरिष्‍ठ संवाददाता प्रियंका सिंह से संपर्क किया। उन्‍होंने भी कन्‍फर्म करते हुए बताया कि वायरल वीडियो ‘एक चतुर नार’ फिल्‍म से जुड़ी शूटिंग का है। इसमें छाया कदम और सुशांत सिंह को देखा जा सकता है।

पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। राकेश जैन नाम के यूजर को 11 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर मध्‍य प्रदेश के रायसेन में रहता है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा झूठा साबित हुआ। वायरल वीडियो का जमानत या किसी वास्तविक घटना से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो ‘एक चतुर नार’ फिल्‍म की शूटिंग के दौरान का है।

  • Claim Review : उत्तरप्रदेश में कोतवाली थाने से जमानत मिलने पर महिला ने थाने के बाहर पुलिस के सामने किया नागिन डांस।
  • Claimed By : FB User Rakesh Jain
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later