X
X

Fact Check: दिल्‍ली में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के वीडियो को गुजरात का बताकर फैलाया गया झूठ

विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि 10 फरवरी 2026 को दिल्‍ली में हुए प्रदर्शन के वीडियो को गुजरात का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस की ओर से आयोजित किया गया था।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Feb 19, 2026 at 02:42 PM
  • Updated: Feb 19, 2026 at 05:36 PM

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी के गृह राज्य गुजरात में उनके खिलाफ जमकर विरोध-प्रदर्शन हुआ है। वीडियो में कुछ लोगों को प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को गुजरात का समझकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी जांच की। यह दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल वीडियो गुजरात नहीं, बल्कि नई दिल्‍ली का है। वहां यूथ कांग्रेस की ओर से 10 फरवरी 2026 को पीएम आवास का घेराव करने को लेकर विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। उसी दौरान के वीडियो को अब गुजरात का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Mayazul M’ ने 13 फरवरी 2026 को एक वीडियो को गुजरात का बताते हुए लिखा, “मोदी को उखाड़ कर फेकना है | गुजरात मे हुआ बवाल मोदी के खिलाफ।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो को सबसे पहले ध्‍यान से स्‍कैन किया। हमें दो बातें नजर आईं। प्रदर्शन के दौरान झंडे पर ‘यूथ कांग्रेस’ लिखा हुआ नजर आया। इसी तरह ‘लोकतंत्र टीवी’ भी लिखा हुआ नजर आया।

इसके आधार पर हमने सबसे पहले यूट्यूब पर ‘लोकतंत्र टीवी’ के चैनल को सर्च किया। हमें 10 फरवरी को अपलोड की हुई एक रिपोर्ट मिली। इसके कैप्‍शन में लिखा गया, “PM Modi को घेरने निकले लाखों लोग बीच सड़क पर पुलिस से हुई झड़प ! Epstein File पर हड़कंप !”

गूगल सर्च के दौरान हमें मिड डे डॉट कॉम पर एक खबर मिली। 10 फरवरी 2026 की इस खबर में कई तस्‍वीरों का इस्‍तेमाल करते हुए बताया गया कि दिल्‍ली के जंतर-मंतर पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन किया।

सर्च के दौरान असली वीडियो हमें ‘देव चौधरी’ नाम के फेसबुक यूजर के अकाउंट पर मिला। 10 फरवरी को अपलोड हुए इस वीडियो को दिल्‍ली का बताते हुए लिखा गया है कि हजारों कांग्रेसी, प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकले।

विश्वास न्‍यूज ने जांच के दौरान देव चौधरी से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल वीडियो दिल्‍ली का है, गुजरात का नहीं। यह प्रदर्शन 10 फरवरी को हुआ था।

पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि फेसबुक यूजर ‘Mayazul M’ को पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 20 जनवरी 2026 को बनाया गया था।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि 10 फरवरी 2026 को दिल्‍ली में हुए प्रदर्शन के वीडियो को गुजरात का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस की ओर से आयोजित किया गया था।

  • Claim Review : गुजरात में पीएम मोदी के खिलाफ हुआ प्रदर्शन।
  • Claimed By : FB User Mayazul M
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later