Fact Check: मुस्लिम महिला से जबरन ‘जय श्री राम’ बुलवाने का दावा फेक, बांग्लादेश का वीडियो एडिट कर किया गया वायरल
मुस्लिम महिला से जबरन 'जय श्री राम' बुलवाने के दावे से वायरल हो रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल यह वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश में हुई एक घटना का है। लड़की को दुकान में चोरी के आरोप में पकड़ा गया था। इसी घटना के वीडियो को एडिट कर ‘जय श्री राम’ के नारे के ऑडियो को इसमें जोड़ा गया है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jun 24, 2026 at 03:11 PM
- Updated: Jul 7, 2026 at 05:04 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बुर्का पहने रोती हुई एक लड़की का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को सांप्रदायिक रंग देकर शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि हिंदू युवक मुस्लिम लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ कर रहे थे। वीडियो में ‘जय श्री राम’ के नारे भी सुने जा सकता हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया। असल में इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो बांग्लादेश में हुई एक घटना का है। दरअसल, वीडियो में दिख रही लड़की एक दुकान पर चोरी के आरोप में पकड़ी गई थी। बांग्लादेश की इसी घटना के वीडियो को एडिट कर अलग से ‘जय श्री राम’ के नारे को जोड़ दिया गया है और अब इसे गलत सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Arbaz Aziz’ ने 21 जून 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “एक मुस्लिम लड़की के साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती JSR के नारे बजरंगी आतंकियों द्वारा लगवाए जा रहे हैं। यकीन मानो यह कु** है हिंदू नहीं है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘Sylhetor News’ नाम के एक बांग्लादेशी फेसबुक पेज पर मिला। इस वीडियो को 16 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। बांग्ला भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, युवती को पैसे चुराने के आरोप में पकड़ा गया था। युवती ने मीरपुर कॉलेज मार्केट की एक दुकान से कैश चुराने की कोशिश की थी। असली वीडियो में ‘जय श्री राम’ के नारे वाला ऑडियो मौजूद नहीं है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें यही वीडियो बांग्लादेशी न्यूज के फेसबुक पेज ‘Bd Tube Master News’ पर भी मिला। वीडियो को 17 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। बांग्ला भाषा में मौजूद जानकारी के अनुसार, “युवती पर पैसे चुराने का आरोप लगा था। महिला का नाम अनिता था। वह एक गारमेंट फैक्टरी में काम करती थी, लेकिन उसकी चाची-सास ने उससे कहा कि उसकी सैलरी काफी कम है और चोरी करके इससे ज्यादा पैसे कमाए जा सकते हैं। ऐसे में महिला ने चोरी करना शुरू कर दिया।”

इस वीडियो में भी ‘जय श्री राम’ के नारे वाला ऑडियो मौजूद नहीं है। इसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि वायरल वीडियो को एडिट कर इसमें ऑडियो अलग से लगाया गया है।
असली वीडियो को सुनने पर हमने पाया कि 1:30 मिनट पर महिला से उसके एड्रेस के बारे में पूछा जाता है। फिर वह कहती है कि वह बारीशाल के उजीरपुर से है। सर्च करने पर हमने पाया कि उजीरपुर बांग्लादेश के बारीशाल जिले में पड़ता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने बांग्लादेशी ‘प्रोबाश टाइम्स समाचार’ के एडिटर मोहम्मद राफ्त से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो बांग्लादेश की एक घटना का है। वीडियो में दिख रही महिला को चोरी के आरोप में पकड़ा गया था।
क्या है संदर्भ?
गौरतलब है कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। हाल ही में हरियाणा में एक महिला ने एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपी शख्स ने घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की और गालियां दीं। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब छह हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मुस्लिम महिला से जबरन ‘जय श्री राम’ बुलवाने के दावे से वायरल हो रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल यह वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश में हुई एक घटना का है। लड़की को दुकान में चोरी के आरोप में पकड़ा गया था। इसी घटना के वीडियो को एडिट कर ‘जय श्री राम’ के नारे के ऑडियो को इसमें जोड़ा गया है।
- Claim Review : मुस्लिम महिला को जबरदस्ती 'जय श्री राम' बोलने के लिए मजबूर किया गया।
- Claimed By : FB User Arbaz Aziz
- Fact Check : झूठ
- FB Post by Sylhetor News, Posted on 16 Sep 2025
- FB Post by Bd Tube Master News, Posted on 17 Sep 2025
- News Report by Amar Ujala, Published on 23 June 2026
- Google Map
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












