Fact Check: मुस्लिम लड़कियों को लात मारते युवक का यह वीडियो बांग्लादेश का है, भारत का नहीं
स्कूल की छात्राओं के साथ दुर्व्यवाहर करने का वायरल किया जा रहा वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है। इसे भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। बांग्लादेश के कांचपुर में एक नाबालिग लड़के ने स्कूली छात्राओं के साथ बदसलूकी की थी।
- By: Pragya Shukla
- Published: Aug 11, 2026 at 04:20 PM
- Updated: Aug 11, 2026 at 06:07 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक लड़के को स्कूली छात्राओं के साथ बदतमीजी करते हुए और सफेद रंग का हिजाब पहनी एक छात्रा को लात मारते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि भारत में भाजपा सरकार में मुस्लिम लड़कियों के साथ इस तरह का अपमानजनक बर्ताव किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की और अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह घटना असल में बांग्लादेश में हुई थी। बांग्लादेश के नारायणगंज के कांचपुर में एक नाबालिग लड़के ने दो छात्राओं के साथ बदसलूकी की थी। इसी घटना के वीडियो को अब गलत दावे के साथ भारत का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘Jaspinder Kaur Udhoke’ ने 10 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए अंग्रेजी में लिखा, “बीजेपी के भारत में हिंदुत्व चरमपंथियों के लिए यह अब एक ‘सामान्य’ बात (new normal) है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर ‘Mohammad Irfan’ ने 10 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “इन लोगों की मानसिकता किस हद तक सड़ चुकी इनको हरकतों से पता चलता है ऐसे ह*** कु*** को कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन मैं पुलिस प्रशासन से मांग करता हु कि इन लोगों के ऊपर कनूनी करवाई करे ताकि भविष्य में इन का लोगो का। दिमाग खुल जाए।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने उसके कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें वायरल दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट बांग्लादेशी वेबसाइट ‘rtvonline’ पर मिली। इस रिपोर्ट को 7 अगस्त 2026 को बांग्ला भाषा में प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, यह वीडियो बांग्लादेश के नारायणगंज के सोनारगांव के स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ हुई बदसलूकी का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक अन्य न्यूज रिपोर्ट बांग्लादेशी वेबसाइट ‘bdnews24’ पर 7 अगस्त 2026 को बांग्ला भाषा में प्रकाशित मिली। रिपोर्ट में बताया गया है कि यह घटना लगभग एक महीने पहले सोनारगांव उप-जिला में कांचपुर पुल के पास शीतलक्ष्या नदी के किनारे बने रास्ते पर हुई थी। स्कूल की छात्रा को लात मारते हुए जो लड़का वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है, वह 11 साल का है। दोनों पीड़ित छात्राएं कांचपुर उमर अली हाई स्कूल में पढ़ती हैं। इनमें से एक छात्रा सातवीं और दूसरी चौथी कक्षा में पढ़ती है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि वीडियो वायरल होने के बाद यह बात भी सामने आई थी कि स्कूल ने पीड़िता को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) दे दिया था। हालांकि, जब जिला शिक्षा अधिकारी (कार्यवाहक) अतीकुर रहमान स्कूल का दौरा करने आए थे, तब उन्होंने छात्रा को टीसी देने वाली बात को अफवाह बताया था और सभी छात्रों से मुलाकात की थी। अतीकुर रहमान ने पत्रकारों से कहा, “TC (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) वाला मामला एक अफवाह की तरह फैल गया। असल में, वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों से बात करने के लिए पत्र भेजे गए थे। मैंने वे दोनों पत्र पढ़े हैं और उन्हें गलती से TC समझ लिया गया था। इसके अलावा, उन पत्रों में स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर बाहर घूमने के बारे में भी चेतावनी भी दी गई थी।”

बांग्लादेशी वेबसाइट ‘jagonews24’ की वेबसाइट पर 8 अगस्त 2026 को बांग्ला भाषा में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना से जुड़े आरोपी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें स्थानीय स्तर पर हुए समझौते के तहत आरोपी किशोर को कान पकड़कर उठक-बैठक करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो में लड़के को यह कहते हुए भी सुना जा सकता है, “मैंने एक लड़की को लात मारी थी और वह वीडियो वायरल हो गया। मैं इसके लिए माफी मांग रहा हूं। मैं यह गलती दोबारा नहीं दोहराऊंगा; और मैं कांचपुर छोड़ रहा हूं।”

अधिक जानकारी के लिए हमने बांग्लादेशी फैक्ट चेकर तौसिफ मेहताब से व्हाट्सएप पर संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो बांग्लादेश में हुई घटना का है।
क्या है संदर्भ?
बांग्लादेश में हुई ऐसी घटनाओं के वीडियो को अक्सर भारत में नफरत फैलाने के लिए झूठे सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल किया जाता है। विश्वास न्यूज ने पहले भी इस तरह के दावों की पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी है। इन फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ने प्रोफाइल में खुद को पंजाब की रहने वाली बताया है। यूजर अगस्त 2026 से एक्स पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि स्कूल की छात्राओं के साथ दुर्व्यवाहर करने का वायरल किया जा रहा वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है। इसे भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। बांग्लादेश के कांचपुर में एक नाबालिग लड़के ने स्कूली छात्राओं के साथ बदसलूकी की थी। इसी घटना को अब भारत का बताते हुए वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : भारत में हिंदू लड़के ने मुस्लिम लड़की को लात मारा।
- Claimed By : X User-Jaspinder Kaur Udhoke
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












