Fact Check: यह वीडियो यूक्रेन पर रूसी हमले का नहीं, शारजाह में एक पेट्रोकेमिकल फैक्ट्री में लगी आग का है
विश्वास न्यूज़ की पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ। यूक्रेन पर रूसी हमले का बताकर वायरल किया जा रहा वीडियो असल में 31 मई 2025 को शारजाह के अल हमरियाह पोर्ट पर एक पेट्रोकेमिकल फैक्ट्री में लगी आग का है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jun 5, 2025 at 01:32 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जिसमें ऊँची-ऊँची आग की लपटें देखी जा सकती है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो यूक्रेन पर रूसी हमले का है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा भ्रामक है। असल में यह वीडियो शारजाह में एक पेट्रोकेमिकल फैक्ट्री में लगी आग का है।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर Arun Singh (आर्काइव लिंक) ने 2 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा “रूस ने यूक्रेन पर अपने हमले तेज कर दिए हैं। यह युद्ध यूक्रेन ने शुरू किया था, और इसका अंत भी यूक्रेन पर ही होगा — उसी तरह जैसे इसकी शुरुआत हुई थी। #RussiaUkraineWar”

पड़ताल
वायरल वीडियो में एक फैक्ट्री जैसी दिखने वाली जगह पर आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देखा जा सकता है। हमने इस वीडियो के कुछ कीफ्रेम्स निकाले और फिर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो न्यूज़ पोर्टल गोल्फ इनसाइडर के फेसबुक में इस दावे के साथ अपलोड मिला कि यह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह का है। साथ में लिखा था, “अंग्रेजी से हिंदी में अनुवादित: शारजाह के अग्निशमन कर्मियों को शनिवार को हमरियाह बंदरगाह के एक ईंधन गोदाम में लगी भीषण आग से 12 घंटे तक जूझना पड़ा। आग सुबह करीब 8 बजे लगी, जिससे ज्वलनशील पदार्थ जल उठे। अधिकारियों ने आग पर काबू पा लिया, और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।”

हमें यह वीडियो न्यूज़ पोर्टल ‘गल्फ डिजिटल न्यूज़ – ऑनलाइन‘ के फेसबुक पेज पर भी 1 जून 2025 को अपलोड मिला। यहां भी इसे यूएई के शारजाह का बताया गया।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें इस घटना को लेकर कई न्यूज़ रिपोर्ट मिलीं। इन ख़बरों में बताया गया कि 31 मई 2025 को शारजाह के अल हमरियाह पोर्ट पर पेट्रोकेमिकल पदार्थों में आग लगने से एक बड़ी घटना हुई। स्थानीय और राष्ट्रीय एजेंसियों ने मिलकर तुरंत कार्रवाई की, जिसकी वजह से आग पर 24 घंटे के अंदर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। ख़बरों के अनुसार, इस घटना में किसी के भी घायल होने की कोई खबर नहीं है।
गल्फ न्यूज़ के लिए इस खबर को कवर करने वाले सीनियर रिपोर्टर अघद्दिर अली ने हमसे बात करते हुए कन्फर्म किया कि यह वीडियो शारजाह के अल हमरियाह पोर्ट पर लगी आग का है।
वायरल वीडियो फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर Arun Singh को फेसबुक पर 5 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ की पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ। यूक्रेन पर रूसी हमले का बताकर वायरल किया जा रहा वीडियो असल में 31 मई 2025 को शारजाह के अल हमरियाह पोर्ट पर एक पेट्रोकेमिकल फैक्ट्री में लगी आग का है।
- Claim Review : यह वीडियो यूक्रेन पर रूसी हमले का है।
- Claimed By : Facebook User Arun Singh
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












