Fact Check: पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद करने की घोषणा करते ऑस्ट्रेलियाई PM का यह वीडियो डीपफेक है
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पाया गया कि ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का वायरल वीडियो डीपफेक है। असल वीडियो अगस्त 2022 का है, जब प्रधानमंत्री जलवायु परिवर्तन विधेयक पर चर्चा कर रहे थे। उसी पुराने वीडियो में AI की मदद से वॉइसओवर बदलकर पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद करने का झूठा दावा जोड़ा गया है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Dec 17, 2025 at 01:17 PM
- Updated: Dec 18, 2025 at 11:49 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। आस्ट्रेलिया में सिडनी के बोंडी बीच पर 14 दिसंबर को हनुक्का उत्सव मना रहे यहूदियों पर हमले में 15 लोगों की मौत हो गई। हमला करने वाले पिता-पुत्र साजिद अकरम व नवीद अकरम थे। अब हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कथित तौर से ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को हमलावर नवीद को पाकिस्तानी बताते हुए, पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद करने की घोषणा करते देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि असल में यह वीडियो डीपफेक है, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर “एक और इंकलाब” ने 16 दिसंबर 2025 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने पाकिस्तानी इस्लामिक आतंकवादी द्वारा हमले के बाद सभी पाकिस्तानियों का वीज़ा रद करने का फ़ैसला लिया है। पूरी दुनिया इस कौम से परेशान है, और भारत में कहा जाता है कि अब्दुल हिंदुओं के मोहल्ले में घर क्यों नहीं ख़रीद सकता।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड सर्च का सहारा लिया। जांच के दौरान हमें ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का ऐसा बयान कहीं भी नहीं मिला।
इसके बाद हमने इस वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें The Sydney Morning Herald की 3 अगस्त 2022 की एक रिपोर्ट मिली, जिसमें मौजूद एंथनी अल्बनीज की तस्वीर वायरल वीडियो के दृश्यों से पूरी तरह मेल खाती दिख रही है। खबर के अनुसार, वीडियो तब का है, जब लेबर पार्टी से जुड़े ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने ग्रीन्स पार्टी के साथ जलवायु परिवर्तन विधेयक पर सहमति का एलान किया था।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें इस भाषण का पूरा वीडियो द गार्जियन की 3 अगस्त 2022 की खबर में मिला। यह पूरा भाषण जलवायु परिवर्तन पर था।
वीडियो में प्रधानमंत्री अल्बानीज के हावभाव और मूवमेंट थोड़ी रोबोटिक लग रही है। हमें वीडियो के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बने होने का शक हुआ।
एआई डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन ने इस वीडियो के एआई से बने होने की संभावना 99 प्रतिशत से अधिक बताई।

पुष्टि के लिए हमने अपने पार्टनर, डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (DAU) से संपर्क किया, जो ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस (TIA) की एक पहल है। टीम ने वीडियो को अलग-अलग टूल्स की मदद से जांचा।
हिया के ऑडियो डिटेक्टर ने ऑडियो के AI से बने होने की पुष्टि की।

एडवांस्ड ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन इंजन वाली स्विस डीप-टेक कंपनी, Aurigin.ai ने ऑडियो ट्रैक के AI द्वारा जेनरेट होने का 99 प्रतिशत भरोसा जताया।

हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे अजहर माचवे से बात की। उन्होंने भी वीडियो के AI की मदद से बने होने की पुष्टि की।
बोंडी बीच हमला
सिडनी के बोंडी बीच पर 14 दिसंबर 2025 को हनुक्का उत्सव के दौरान साजिद अकरम और उसके बेटे नवीद द्वारा की गई गोलीबारी में 15 लोगों की मौत हो गई और 40 घायल हुए, जिसमें पुलिस कार्रवाई के दौरान साजिद मारा गया और नवीद हिरासत में लिया गया। ख़बरों के अनुसार, तेलंगाना पुलिस ने पुष्टि करते हुए बताया है कि घटनास्थल पर मारा गया 50 वर्षीय साजिद अकरम मूल रूप से हैदराबाद का रहने वाला भारतीय नागरिक था, जबकि मीडिया रिपोर्ट्स में उसके बेटे नवीद के ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट धारक होने की पुष्टि की गई है।
गलत पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर एक और इंकलाब के 70000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पाया गया कि ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का वायरल वीडियो डीपफेक है। असल वीडियो अगस्त 2022 का है, जब प्रधानमंत्री जलवायु परिवर्तन विधेयक पर चर्चा कर रहे थे। उसी पुराने वीडियो में AI की मदद से वॉइसओवर बदलकर पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद करने का झूठा दावा जोड़ा गया है।
- Claim Review : पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद्द करने की घोषणा करते ऑस्ट्रेलियाई PM
- Claimed By : FB User Ek Or Inqalab
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












