Fact Check: वीडियो गेम की क्लिप भारतीय वायु सेना के बांग्लादेश पर हमले के गलत दावे से वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो भारतीय एयरफोर्स का नहीं, बल्कि एक वीडियो गेम की क्लिप है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jan 6, 2026 at 05:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़ाकू जेट को कुछ आर्मी के ट्रकों पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट के साथ दावा किया जा रहा है कि भारतीय वायुसेना ने बंगलादेश की सेना पर हमला करना शुरू कर दिया है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एक वीडियो गेम की क्लिप है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
वायरल वीडियो को itz_amit_shakya_87 नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने शेयर 31 दिसंबर 2025 को शेयर किया और साथ में लिखा “भारतीय वायुसेना ने बंगलादेश सेना को मौत की तबाही मचाना शुरू कर दिया।”
इस पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां और यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल
वीडियो दिखने में किसी फिल्म का सीन लग रहा है, क्योंकि इसे अलग-अलग एंगल्स से शूट किया गया है। विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की पड़ताल करने के लिए सबसे पहले कीवर्ड्स सर्च किया। हमें कहीं भी भारतीय सेना द्वारा बांग्लादेश पर हमला करने की ऐसी कोई खबर नहीं मिली।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो Digital Dogfight 2.0 नाम के फेसबुक पेज पर 27 दिसंबर 2025 को अपलोड मिला। साथ में लिखा था “Virtual screen is for entertainment only #reel #dcs #warthunder #f22raptor #bgmi #PUBGMOBILE #warthundermoments #warthundertanks #CODMobile #fortnite” अक्सर गेमर्स इस तरह के कैप्शन डिस्क्लेमर के तौर पर इस्तेमाल करते हैं ये बताने के लिए कि यह वोई असली वीडियो नहीं बल्कि एक सिमुलेशन गेम का फुटेज है।

इस पेज पर हमें इसी तरह के और भी कई गेमिंग वीडियो मिले।
कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें DCS (डिजिटल कॉम्बैट सिमुलेटर) गेम में F-22 रैप्टर के कई वीडियो मिले, जो वायरल वीडियो से मिलते जुलते थे।
वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने गेमिंग इन्फ्लुएंसर और डायनेमो गेम्स के फाउंडर अनीश जैन से संपर्क साधा। उन्होंने बताया कि वायरल क्लिप डिजिटल कॉम्बैट सिमुलेटर गेम का है, जिसमें F-22 रैप्टर दिख रहा है।
बांग्लादेश के हालात
आपको बताते चलें कि बांग्लादेश में दिसंबर 2025 के आखिरी हफ्ते में दीपू चंद्र दास की बर्बर हत्या के बाद स्थिति काफी ख़राब हो गई है। पिछले 20 दिनों में हिंदुओं पर हमलों की कम से कम छह बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालिया ख़बरों के अनुसार, 5 जनवरी को जाशोर जिले में हिंदू पत्रकार और व्यावसायी राणा कांति बैरागी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसके कुछ ही घंटों बाद नरसिंगदी में किराना व्यापारी मोनी चक्रवर्ती की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इससे पहले राजबारी में अमृत मंडल और शरियतपुर में खोकन चंद्र दास को भी भीड़ द्वारा निशाना बनाया गया, जिससे वहां के अल्पसंख्यकों में भारी भय देखा जा रहा है।
भारत सरकार और विदेश मंत्रालय ने इन निरंतर होती हत्याओं को “अखंड शत्रुता” (Unremitting Hostility) करार देते हुए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को चिंता जताई है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने स्पष्ट किया है कि अगस्त 2024 के बाद से अल्पसंख्यकों के खिलाफ 2,900 से अधिक हिंसक घटनाएं दर्ज हुई हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी यह मुद्दा उठाया है, जबकि अमेरिका और एमनेस्टी इंटरनेशनल जैसे निकायों ने भी इन नृशंस हत्याओं की निंदा करते हुए फरवरी 2026 में होने वाले प्रस्तावित चुनावों से पहले सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब बारी थी इंस्टाग्राम पर इस पोस्ट को साझा करने वाले यूजर itz_amit_shakya_87 के प्रोफाइल को स्कैन करने की। प्रोफाइल को स्कैन करने पर हमने पाया कि यूजर के 3 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो भारतीय एयरफोर्स का नहीं, बल्कि एक वीडियो गेम की क्लिप है।
- Claim Review : भारतीय वायुसेना ने बंगलादेश सेना को मौत की तबाही मचाना शुरू कर दिया।
- Claimed By : Instagram user itz_amit_shakya_87
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












