Fact Check: पानी में बह रहे शख्स के बचाव का वायरल वीडियो नेपाल का नहीं, मेक्सिको का है
पानी में बहते शख्स की मदद करते लोगों के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। दरअसल, यह वीडियो नेपाल का नहीं, बल्कि मेक्सिको का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 4, 2026 at 04:30 PM
- Updated: Sep 4, 2026 at 05:19 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल में 26 अगस्त 2026 को आई भीषण बाढ़ के कारण मची तबाही के बाद राहत और बचाव का कार्य जारी है। इसी से जोड़कर पानी में बहकर जाते एक शख्स को बचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स पानी में बह रहा है, तभी कुछ लोग पुल पर से उसका हाथ पकड़कर उसे बचाने की कोशिश करते हैं। इस वीडियो को नेपाल में आई बाढ़ के दौरान रेस्क्यू का बताकर वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में यह वीडियो नेपाल का नहीं, बल्कि मेक्सिको का है। दरअसल, मेक्सिको के ‘वैले डी सैंटियागो’ इलाके में एक शख्स तेज लहरों के कारण अपनी बाइक के साथ पानी में बह गया था। जब स्थानीय लोगों ने शख्स को बहते हुए देखा, तो वे मदद करने के लिए आगे आए और उसे बचा लिया। इसी घटना के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘समाचार कोलकाता’ ने 30 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “नेपाल में बाढ़ का भयावह दृश्य!….तेज बहाव के बीच बाढ़ के पानी में फंसे एक व्यक्ति को बचाने के लिए एक शख्स अपनी जान जोखिम में डालता नजर आ रहा है। तेज धारा के बीच उसकी बेबसी और फंसे व्यक्ति को बचाने की यह कोशिश वाकई दिल दहला देने वाली है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो में एक शख्स हरे रंग की टी-शर्ट पहने हुए है और उस पर एक लोगो लगा हुआ है। हमने इस लोगो के बारे में गूगल सर्च किया। हमने पाया कि यह मेक्सिको की सरकारी पेट्रोलियम कंपनी ‘पेमेक्स‘ का लोगो है।

हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो मेक्सिको के एक न्यूज आउटलेट ‘Tv10 Noticias Gto’ के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मिला। इस वीडियो को 25 अगस्त 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन में मौजूद जानकारी के अनुसार, वीडियो मेक्सिको के वैले डी सैंटियागो इलाके का है। वहां भारी बारिश के कारण पानी भर गया था और पानी के तेज बहाव के कारण एक बाइक सवार बहकर पुलिया की ओर चला गया था। उसी शख्स को बचाने के लिए स्थानीय लोग सामने आए थे।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट मेक्सिको की वेबसाइट ‘guanajuato informa’ पर मिली। इस रिपोर्ट को 22 अगस्त 2026 को प्रकाशित किया गया था। स्पेनिश भाषा की इस रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो मेक्सिको के वैले डी सैंटियागो इलाके का है, जहां भारी बारिश के कारण इलाके में पानी भर गया था। एक बाइक सवार ने तेज बहाव वाले पानी को पार करने की कोशिश की, जिसकी वजह से वह भी पानी के साथ बहने लगा। जब वहां मौजूद लोगों ने यह देखा, तो वे मदद के लिए सामने आये और उस आदमी को बचा लिया। हालांकि, इस शख्स को गंभीर चोट नहीं लगी थी।

हमें वायरल वीडियो एक अलग एंगल से ‘edgarfabianvf’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 23 अगस्त 2026 को शेयर किया हुआ मिला। इस पोस्ट के कैप्शन में भी यही जानकारी दी गई है कि यह वीडियो मेक्सिको के वैले डी सैंटियागो का है।

अधिक जानकारी के लिए हमने नेपाल के स्वतंत्र पत्रकार अनुज अरोड़ा से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो यहां का नहीं है, लेकिन यहां राहत व बचाव कार्य अभी भी जारी है। कई स्थानीय लोग भी यहां एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।
क्या है संदर्भ?
नेपाल के न्यूज पोर्टल ‘ईकांतिपुर डॉट कॉम’ के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 तक 12,038 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है, जबकि 1,259 लोगों की इस बाढ़ आपदा में मृत्यु हुई है और 5,053 लोग अभी भी लापता हैं। ये सरकार की तरफ से जारी किए गए आधिकारिक आंकड़े हैं।
‘Kathmandu Post’ की वेबसाइट पर 4 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, ”नेपाल में 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ से मची तबाही के बाद राहत व बचाव कार्य अभी भी जारी है। बचाव दल लगातार लोगों को बचाने में लगे हुए हैं। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। त्रिशूली 3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की एक सुरंग से भी दो लोगों को जिंदा बाहर निकाला गया है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को फेसबुक पर 10 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पानी में बहते शख्स की मदद करते लोगों के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। दरअसल, यह वीडियो नेपाल का नहीं, बल्कि मेक्सिको का है।
- Claim Review : नेपाल में आई बाढ़ में बहते हुए शख्स को बचाने का वीडियो।
- Claimed By : FB User समाचार कोलकाता
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












