Fact Check: LoC से लौटते अर्द्ध सैनिक बलों के काफिले पर पथराव के दावे से वायरल वीडियो भारत का नहीं, PoK का है
पिछले साल पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद में महंगाई को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के काफिले पर हुए पथराव के वीडियो को अर्द्धसैनिक बलों के काफिले पर जम्मू-कश्मीर में हुए पथराव के गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jun 4, 2025 at 02:33 PM
- Updated: Jun 4, 2025 at 02:38 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाली कश्मीर (पीओके) में आतंकी शिविरों को निशाना बनाते हुए एयर स्ट्राइक किया। इस कार्रवाई के बाद नियंत्रण रेखा पर दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति रही और फिर पाकिस्तान के आग्रह किए जाने पर भारत सीजफायर के लिए राजी हुआ।
इसी संदर्भ में सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि जब सीजफायर के बाद सेना की मदद के लिए नियंत्रण रेखा पर गई अर्द्धसैनिक बल की टुकड़ी वापस लौट रही थी, तब जम्मू-कश्मीर में उनके काफिले पर पथराव हुआ। दावा किया जा रहा है कि इस पथराव में सुरक्षा बलों के वाहनों को काफी नुकसान हुआ। कुछ अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को जम्मू-कश्मीर में वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे काफिले पर हुए पथराव का बताया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल वीडियो जम्मू-कश्मीर का नहीं है, बल्कि पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद का है। साथ ही यह 2024 के विरोध प्रदर्शन का वीडियो है, जब मुजफ्फराबाद में महंगाई के खिलाफ विरोध भड़क उठा था और फिर प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सेना के वाहनों पर पथराव किया था।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘योगीआदित्यनाथफैन(डिजिटल योद्धा)गोडसे का भक्त’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “ये विडिओ जम्मू-कश्मीर राज्य की है…पाकिस्तान के साथ युद्ध के दौरान सुरक्षाबल की कम्पनी बॉर्डर पर आर्मी कैम्प मे आर्मी के साथ ड्यूटी करने के लिए गयी थी जिस से भारतीय सेना को किसी भी प्रकार की समस्या न हो युद्ध विराम के बाद CRPF, CISF की कंपनी वापस लौट रही थी तभी कुछ देश के गद्दारो ने सुरक्षाबल के काफिले पर पहाडो से पत्थर बाजी कर दी थी जिस के जवाब मे सुरक्षाबल को हवाई फायरिंग करनी पडी थी भारतीय सेना ने ड्रोन से विडिओ बनाई हवाई फायरिंग के दौरान भगदड हो गई थी जिस कारण 9 पत्थरबाज की पहाडो से फिसलकर गिरने से मौत हो गई है सुरक्षाबल की कुछ गाडी को बहुत नुकसान हुआ है।”
कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते संदर्भ में शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने इसके की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया और सर्च में हमें यह वीडियो reddit.com की वेबसाइट पर लगा मिला, जिसे एक साल पहले साझा किया गया है। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, “यह पाकिस्तानी सेना के वाहनों पर पथराव का वीडियो है।”
वीडियो पर एक पाकिस्तानी यूजर ने टिप्पणी करते हुए इसे ‘लोहार गली’ का बताया है। इसी आधार पर हमने गूगल मैप के स्ट्रीट व्यू में इस लोकेशन को चेक किया और पाया कि यह पीओके के मुजफ्फराबाद का लोकेशन है।

गूगल मैप पर इस लोकेशन के स्ट्रीट व्यू को यहां देखा जा सकता है।
इस संबंध में पाकिस्तानी न्यूज पोर्टल्स के कवरेज को चेक करने के लिए हमने एक्सप्रेस वीपीएन टूल की मदद ली और यह वीडियो हमें पाकिस्तानी न्यूज पोर्टल डॉन न्यूज के आधिकारिक यू-ट्यूब पोर्टल पर मिला।

18 मई 2024 को शेयर किए इस वीडियो पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर में हुए पथराव का बताया गया है। कई अन्य रिपोर्ट्स में पीओके में हुए इस पथराव और प्रदर्शन का जिक्र है। ईटी की 12 मई 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, महंगाई के खिलाफ पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर के मुजफ्फराबाद में भारी विरोध प्रदर्शन कार्रवाई के बाद हिंसक हो उठा।
हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो भारत का नहीं, बल्कि पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर का है। वायरल वीडियो को लेकर हमने सेना के उत्तरी कमान के पीआरओ (डिफेंस) सुनील बरतवाल, “यह वीडियो जम्मू-कश्मीर का नहीं बल्कि गुलाम कश्मीर का है।”
पहलगाम हमले के बाद सोशल मीडिया पर वायरल अन्य प्रमुख दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: पिछले साल पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद में महंगाई को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के काफिले पर हुए पथराव के वीडियो को सीजफायर के बाद नियंत्रण रेखा से लौट रहे भारतीय अर्द्धसैनिक बलों के काफिले पर जम्मू-कश्मीर में हुए पथराव के गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : ऑपरेशन सिंदूर के बाद LoC से लौट रहे सेना के काफिले पर जम्मू-कश्मीर में हुआ पथराव।
- Claimed By : X User-योगीआदित्यनाथफैन(डिजिटल योद्धा)गोडसे का भक्त
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












