Fact Check: दुबई एयरपोर्ट पर हमले का वायरल वीडियो निकला एआई (AI) निर्मित
विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह स्पष्ट हुआ कि दुबई एयरपोर्ट पर हमले का दावा करने वाला वीडियो फर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा निर्मित है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Mar 3, 2026 at 11:48 AM
- Updated: Mar 10, 2026 at 02:27 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमले के बाद मिडिल ईस्ट (वेस्ट एशिया) में बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमले का मंजर दिखाया गया है। वीडियो में विस्फोट के बाद मची अफरा-तफरी के बीच लोगों को भागते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह दुबई एयरपोर्ट पर हाल ही में हुए ईरान के एक वास्तविक हमले का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है। इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘rikai_studio’ ने 1 मार्च 2026 को एक रील साझा की, जिसमें दुबई एयरपोर्ट पर हमले का दृश्य दिखाया गया है। इस यूजर के इंस्टाग्राम पर 2000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वीडियो को इस तरह पेश किया जा रहा है जैसे यह क्षेत्र में जारी मौजूदा तनाव के बीच की कोई ताज़ा घटना हो।

पड़ताल
वीडियो को ध्यान से देखने पर इसमें कई तकनीकी विसंगतियां साफ नजर आती हैं। वीडियो के एक हिस्से में, एक व्यक्ति लोहे की सलाखों को इस तरह पार करता दिख रहा है जैसे कि वे अदृश्य हों या वहां मौजूद ही न हों। वहीं, उसके ठीक पीछे वाला व्यक्ति उन्हीं सलाखों में फंसता हुआ दिखाई देता है। इसके अलावा, कुछ फ्रेम में लोग चलते हुए एक-दूसरे में मर्ज होते हुए या गायब होते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में बैकग्राउंड की आकृतियां और रोशनी भी अप्राकृतिक लग रही हैं। ये सभी विसंगतियां एआई-निर्मित वीडियो की पहचान होती हैं।
पुष्टि के लिए हमने इस वीडियो की जांच प्रमुख एआई डिटेक्शन टूल्स से की।
‘Hive Moderation’ टूल ने वीडियो के एआई निर्मित होने की 50% संभावना जताई।

‘DeepFake-O-Meter’ (यूनिवर्सिटी एट बफेलो) प्लेटफॉर्म के दो अलग-अलग मॉडल्स ने वीडियो की जांच की और इसे 99% से अधिक एआई निर्मित बताया।

‘Sightengine’ टूल ने भी पुष्टि की कि यह वीडियो पूरी तरह से सिंथेटिक, यानी एआई द्वारा बनाया गया है।

एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे ने वीडियो का विश्लेषण करते हुए बताया, “यह वीडियो ‘जेनरेटिव एआई’ का एक विशिष्ट उदाहरण है। इसमें पिक्सल का बिखराव और भौतिक नियमों का उल्लंघन साफ दिखता है। मानव शरीर का निर्जीव वस्तुओं के आर-पार निकल जाना यह साबित करता है कि इसे किसी एआई मॉडल द्वारा रेंडर किया गया है।”
क्या है दुबई की वास्तविक स्थिति?
यह सच है कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) एक सुरक्षा संकट से गुजर रहा है। बीबीसी और रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यूएई के रक्षा मंत्रालय ने ईरान के हमलों को “घिनौना हमला” करार दिया है। इन हमलों को अमेरिकी और इजरायली कार्रवाइयों के जवाब में ईरान की जवाबी कार्रवाई बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दुबई एयरपोर्ट भी इन हमलों की चपेट में आया और वहां परिचालन प्रभावित हुआ। इस मामले में पूरी जानकारी इन खबरों में पढ़ी जा सकती है।
हमने इंस्टाग्राम यूजर ‘rikai_studio’ की सोशल स्कैनिंग की, जिसने फर्जी वीडियो शेयर किया था। उसके 2000 से ज़्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह स्पष्ट हुआ कि दुबई एयरपोर्ट पर हमले का दावा करने वाला वीडियो फर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा निर्मित है।
- Claim Review : दुबई एयरपोर्ट पर हमले का वीडियो।
- Claimed By : Instagram user ‘rikai_studio’
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












