X
X

Fact Check : 11 फीट लम्बी वॉलीबॉल प्लेयर के नाम से वायरल यह वीडियो फर्जी है

11 फ़ीट लम्बी वॉलीबाल महिला प्लयेर होने का दावा विश्वास न्यूज की पड़ताल में पूरी तरह से गलत निकला। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और अन्य प्रमाणित स्रोतों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति 11 फीट लम्बा नहीं होता।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Dec 3, 2024 at 03:25 PM
  • Updated: Dec 30, 2024 at 02:43 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बहुत लम्बी महिला को एक दूसरी सामान्य लम्बाई वाली महिला के  साथ डांस करते देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रही लम्बी महिला एक वॉलीबॉल प्लेयर हैं, जिनकी लम्बाई 11 फुट है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो एआई जेनरेटेड है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और अन्य प्रमाणित स्रोतों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति 11 फीट लम्बा नहीं होता।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ms.bharangar ने वायरल वीडियो को पोस्ट किया, जिसके ऊपर लिखा था-  “11 फीट की वॉलीबॉल प्लेयर का डांस”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ठीक से देखा। वीडियो में दोनों ही महिलाओं के मूवमेंट्स कृत्रिम लग रहे थे। वीडियो को ठीक  से देखने पर हमें इसमें कई कमियां नजर आईं। जैसे वीडियो में लम्बी महिला के जूते एक एंगल से स्नीकर्स हैं और वहीं, जब महिला मुड़ती है तो जूते में हील्स नजर आती हैं। साथ ही महिला के बाएं हाथ की उँगलियाँ भी एक फ्रेम में गायब होती नजर आती हैं।

हमें इस वीडियो के एआई  निर्मित होने का शक हुआ। वायरल वीडियो को लेकर हमने अपने पार्टनर डीएयू (एमसीए की पहल) से संपर्क किया। डीएयू की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। इस्तेमाल किए गए डिटेक्टर टूल ने इसे 0.86 स्कोर देकर A.I. निर्मित होने की आशंका जताई, जबकि 1.00 के स्कोर के साथ “AI-निर्मित नहीं” होने के रूप में चिह्नित किया। इसके बावजूद, डीएयू एक्सपर्ट्स ने वीडियो में A.I.-निर्मित होने के संकेत देखे, जैसे कि पलकें न झपकना, महिलाओं के चेहरों पर शिमर का प्रभाव, और कठपुतली जैसी अभिव्यक्तियां। 

 डीएयू के निष्कर्ष में कुछ असमंजस था, क्योंकि टूल ने इसे “एआई निर्मित” और “नहीं एआई निर्मित” दोनों के रूप में वर्गीकृत किया। इसलिए हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने बताया, “वीडियो में लम्बी महिला के मूवमेंट कृत्रिम दिख रहे हैं,  दूसरी महिला का दाहिना हाथ एक फ्रेम में गायब हो रहा है। स्नीकर हील में बदल रहे हैं। ये कुछ चिन्ह हैं जिनसे वीडियो के कृत्रिम होने के संकेत मिलते हैं।”

पड़ताल में आगे हमने गूगल पर सबसे लम्बे व्यक्ति के बारे में सर्च किया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, 8 फीट 3 इंच के सुल्तान कोसेन दुनिया के सबसे लंबे जीवित पुरुष हैं। और 7 फीट 0.7 इंच की रुमेसा गेलगी सबसे लंबी जीवित महिला हैं।

टॉपएंडस्पोर्ट्स  की वेबसाइट के अनुसार, सबसे लम्बे एथलीट की लम्बाई भी 8 फुट 1 इंच से ज्यादा दर्ज नहीं की गई है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ms.bharangar के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 900 से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: 11 फ़ीट लम्बी वॉलीबाल महिला प्लयेर होने का दावा विश्वास न्यूज की पड़ताल में पूरी तरह से गलत निकला। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और अन्य प्रमाणित स्रोतों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति 11 फीट लम्बा नहीं होता।

  • Claim Review : 11 फीट की वॉलीबॉल प्लेयर का डांस
  • Claimed By : Instagram user ms.bharangar
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later