Fact Check: पहलवान गीता फोगाट की बेटे के साथ तस्वीर भ्रामक दावे से वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बच्चे के साथ पहलवान गीता फोगाट की वायरल तस्वीर पुरानी हैं। फोटो साल 2019 की है, जिसे हालिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Dec 12, 2024 at 04:43 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पहलवान गीता फोगाट की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें उन्हें एक बच्चे के साथ देखा जा सकता है। वायरल फोटो में बबीता फोगाट भी नजर आ रही हैं। कुछ लोग फोटो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि गीता फोगाट ने बेटे को जन्म दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पोस्ट में किया जा रहा दावा भ्रामक है। गीता फोगाट के बेटे के साथ वायरल तस्वीर दिसंबर 2019 की हैं, इसका हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है। लोग पुरानी तस्वीर को हालिया बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक पेज ‘प्रधानमंत्री मोदी के समर्थक’ ने 9 दिसंबर 2024 को वायरल पोस्ट को शेयर किया। जिस पर लिखा हुआ है, “करीना खान के तैमूर खान को तो सभी ने लाइक किया लेकिन भारत का नाम रोशन करने वाली गीता फोगाट के बेटा हुवा अब कितने लोग बधाई दोगे।”
वायरल पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल
वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। सर्च करने पर हमें गीता फोगाट से जुड़ी हालिया कोई खबर नहीं मिली। पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल रिवर्स इमेज का इस्तेमाल किया। हमें वायरल तस्वीर से जुड़ी खबर दैनिक जागरण की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 25 दिसंबर 2019 को प्रकाशित किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, तस्वीर पुरानी है। गीता फोगाट ने अपने सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर कर यह खबर दी थी। गीता फोगाट और उनके बच्चे से मिलने बबीता फोगाट भी पहुंची थी।

हमें वायरल तस्वीर से जुड़ी खबर bollywoodshaadis.com की वेबसाइट पर भी मिली। 20 फरवरी 2020 को प्रकशित खबर में बताया गया, गीता फोगाट और पवन सरोहा ने 24 दिसंबर 2019 को अपने बच्चे का स्वागत किया था। तस्वीर उसी समय की है।
पहलवान बबीता फोगाट ने भी वायरल की जा रही फोटो को शेयर किया था। बबीता ने 24 दिसंबर 2019 को अपने वेरिफाइड एक्स हैंडल से फोटो को शेयर कर अपनी बहन गीता फोगाट को बधाई दी थी।
वायरल तस्वीर से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ी जा सकती हैं।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने गीता फोगाट के सोशल मीडिया हैंडल को चेक किया। हमें वहां भी ऐसी कोई पोस्ट शेयर की हुई नहीं मिली। पर हमें गीता फोगाट के इंस्टाग्राम हैंडल पर वायरल फोटो से मिलती-जुलती फोटो मिली। इस तस्वीर में गीता के साथ उनके पति पहलवान पवन सरोहा को देखा जा सकता है।

इस बारे में हमने हरियाणा में दैनिक जागरण के स्टेट हेड अनुराग अग्रवाल से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं है। यह बहुत पुरानी तस्वीर है।
अंत में हमने फोटो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि इस पेज को 1 मिलियन लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बच्चे के साथ पहलवान गीता फोगाट की वायरल तस्वीर पुरानी हैं। फोटो साल 2019 की है, जिसे हालिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : गीता फोगाट ने हाल ही में बेटे को जन्म दिया है।
- Claimed By : फेसबुक पेज -प्रधानमंत्री मोदी के समर्थक
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












