Fact Check: कर्नाटक में पुलिसकर्मियों से हाथापाई का वीडियो भाजपा शासित राज्य का बताकर शेयर
थाने में पुलिसकर्मियों से मारपीट का यह वीडियो भाजपा शासित राज्य का नहीं, बल्कि कर्नाटक के मांड्या जिले का है। वहां कांग्रेस की सरकार है और आरोपी के ब्राह्मण होने का दावा गलत है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jan 2, 2025 at 05:37 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्स को पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों से हाथापाई करते देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि भाजपा शासित राज्य में ब्राह्मण बालू माफिया ने पुलिस वालों से मारपीट की।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि पुलिसकर्मियों से हाथापाई का यह वीडियो कर्नाटक के मांड्या जिले का है। वहां आरोपी सागर ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की थी। कर्नाटक में इस समय कांग्रेस सरकार है। आरोपी के ब्राह्मण होने का दावा भी गलत है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर ‘तर्कशील का अड्डा’ ने 1 जनवरी को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“भाजपा सरकार में ब्राह्मण मिश्रा बालू माफिया की गुंडई देख लीजिये, थाने में घुसकर किया पुलिस वालों से थप्पड़बाज़ी”

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका स्क्रीनशॉट निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एशियानेट न्यूज की वेबसाइट पर 28 दिसंबर 2024 को इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो को भी देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, वीडियो मांड्या के पांडवपुरा पुलिस थाने का है। वहां पुलिस स्टेशन पर पुलिसकर्मियों से मारपीट हुई थी। आरोपी को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था। आरोपी का नाम सागर है। सागर के खिलाफ भूमि विवाद में एक शिकायत दर्ज की गई थी। इस मामले में पूछताछ के लिए सागर को थाने में बुलाया गया था। इस दौरान विवाद बढ़ने पर सागर ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की। केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर भी इस खबर को देखा जा सकता है। इसमें भी आरोपी का नाम सागर दिया गया है।

एनडीटीवी के यूट्यूब चैनल पर भी इससे संबंधित वीडियो न्यूज को देखा जा सकता है। इसमें बताया गया है कि कर्नाटक के मांड्या जिले के पांडवपुरा पुलिस थाने में पूर्व म्यूनिसिपल अध्यक्ष जगदीश के बेटे सागर ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की। आरोपी को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
29 दिसंबर को एसपी मांड्या के एक्स हैंडल से इस संबंध में पोस्ट जारी की गई है। इसमें घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पोस्ट किया गया है। इसमें मामला 28 दिसंबर का बताया गया है। पोस्ट में आरोपी का नाम सागर दिया गया है।
इसमें दी गई एफआईआर संख्या के आधार पर हमने इस मामले की एफआईआर निकाली। इसमें घटना की जगह को कर्नाटक के मांड्या का बताया गया है। इसमें भी आरोपी का नाम सागर लिखा हुआ है।

इस बारे में हमने पांडवपुरा पुलिस थाने के प्रभारी महादेव से संपर्क किया। उनका कहना है कि मामूली-सी बात पर आरोपी सागर ने मारपीट शुरू कर दी थी। वह ब्राह्मण नहीं है।
कर्नाटक में इस समय कांग्रेस की सरकार है और सिद्धरमैया वहां के मुख्यमंत्री हैं।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 1100 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: थाने में पुलिसकर्मियों से मारपीट का यह वीडियो भाजपा शासित राज्य का नहीं, बल्कि कर्नाटक के मांड्या जिले का है। वहां कांग्रेस की सरकार है और आरोपी के ब्राह्मण होने का दावा गलत है।
- Claim Review : भाजपा शासित राज्य में ब्राह्मण बालू माफिया ने पुलिस वालों से मारपीट की।
- Claimed By : FB User- तर्कशील का अड्डा
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












