Fact Check: तिरुपति में पुजारी के घर से 128 किलो सोना मिलने के दावे से वायरल वीडियो किसी और मामले का है
तिरुपति में पुजारी के घर से 128 किलो सोना और 150 करोड़ नकदी मिलने के दावे से वायरल वीडियो ज्वैलरी शोरूम में चोरी के बाद बरामद हुए जेवरों का है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jan 3, 2025 at 05:19 PM
- Updated: Jan 3, 2025 at 05:24 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक बड़ी मेज पर सोने के जेवरों को रखा हुआ देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि तिरुपति में पुजारी के घर से 128 किलो सोना और 150 करोड़ नकद मिला है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो तमिलनाडु के वेल्लोर में ज्वैलरी शोरूम में हुई चोरी के बाद बरामद जेवरों का है। पुरानी घटना के वीडियो को तिरुपति के पुजारी के घर से 128 किलो सोना और 150 करोड़ नगदी मिलने के झूठे दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। इससे पहले भी यह वीडियो समान दावे के साथ वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज की रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
वायरल पोस्ट
थ्रेड यूजर lalpratap1 ने 3 जनवरी को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“तिरुपति में पुजारी के घर पर पकड़ा गया
128 किलो सोना
150 करोड़ कैश
70 किलो हीरा
मंदिर में पैसे और गहने देने वालों के बारे में अब तो सोचो
कैसे धर्म के नाम पर जनता को गुमराह किया जाता हैं।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इंडियन एक्सप्रेस की वेबसाइट पर 22 दिसंबर 2021 को छपी रिपोर्ट मिली। इसमें कीफ्रेम से मिलती-जुलती तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 15 दिसंबर को वेल्लोर के ज्वैलरी शोरूम में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 15.9 किलो सोना और आठ करोड़ रुपये के हीरे बरामद किए हैं।
20 दिसंबर 2021 को एक्स यूजर Mahalingam Ponnusamy ने इस मामले का वीडियो पोस्ट करते हुए कहा था कि वेल्लोर पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने ज्वैलरी शोरूम से करीब 15 किलो सोने और हीरे के जेवरात चुराए थे।
इससे पहले जब यह पोस्ट वायरल हुई थी, तब विश्वास न्यूज ने वेल्लोर के तत्कालीन एसपी एस राजेश कन्नन से संपर्क किया था। उन्होंने वायरल वीडियो में दिख रहे गहनों को ज्वैलरी शोरूम में हुई चोरी के बाद बरामदगी का बताया था।
11 दिसंबर 2016 को हिन्दुस्तान टाइम्स की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, आयकर विभाग के छापे में चेन्नई के कारोबारी जे शेखर रेड्डी के घर से 106.52 करोड़ रुपये और 127 किलोग्राम सोना बरामद हुआ था। इसके बाद रेड्डी को तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ट्रस्ट बोर्ड से हटा दिया था।
द हिंदू की वेबसाइट पर 20 सितंबर 2019 को छपी खबर के मुताबिक, शेखर रेड्डी ने आंध्र प्रदेश सरकार से खुद को टीटीडी बोर्ड में शामिल किए जाने का अनुरोध किया था। इसको स्वीकार करते हुए उन्हें फिर से बोर्ड में शामिल कर लिया गया था।
वीडियो को गलत दावे से वायरल करने वाले थ्रेड यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर एक विचारधारा से प्रभावित है।
निष्कर्ष: तिरुपति में पुजारी के घर से 128 किलो सोना और 150 करोड़ नकदी मिलने के दावे से वायरल वीडियो ज्वैलरी शोरूम में चोरी के बाद बरामद हुए जेवरों का है।
- Claim Review : तिरुपति में पुजारी के घर से 128 किलो सोना और 150 करोड़ नकद मिला है।
- Claimed By : Thread User- lalpratap1
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












