Fact Check: लखनऊ में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में पकड़े गए सिपाही का वीडियो पुराना है
लखनऊ में मई 2023 में एक सिपाही पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा था। मामला सामने आने के बाद सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। उस घटना के वीडियो को हालिया समझकर शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jan 22, 2025 at 01:35 PM
- Updated: Jan 22, 2025 at 03:25 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लखनऊ में स्कूली छात्रा के साथ छेड़खानी के नाम पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक पुलिसकर्मी को स्कूल की छात्रा का पीछा करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि लखनऊ में सआदत अली नाम के पुलिसकर्मी ने छात्रा से छेड़छाड़ की है। वीडियो को शेयर करने के तरीके से लग रहा है कि यह हाल में हुई घटना का वीडियो है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि यह वीडियो मई 2023 का है। वीडियो वायरल होने के बाद सिपाही को निलंबित कर दिया गया था और केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया था। हमारी जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई।
वायरल पोस्ट
एक्स यूजर ‘रितेश देशमुख ( ᴘᴀʀᴏᴅʏ )’ ने 19 जनवरी 2025 को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे स्क्रिप्टेड बताया है।
फेसबुक यूजर AMJ News Network ने 20 जनवरी को इस वीडियो को पोस्ट किया है। इस पर लिखा है, “पुलिसवाले ने की स्कूली छात्रा से छेड़छाड़!”
(छात्रा की पहचान छुपाने के लिए मकसद से हम पोस्ट का लिंक नहीं दे रहे हैं। )

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने एक्स यूजर ‘रितेश देशमुख ( ᴘᴀʀᴏᴅʏ )’ की पोस्ट के कमेंट्स को चेक किया। कई यूजर्स ने इस वीडियो को पुराना बताया है।
इसके बाद कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। न्यूज 18 इंडिया के यूट्यूब चैनल पर 3 मई 2023 को वायरल वीडियो को अपलोड किया गया है। इसके डिस्क्रिप्शन में लिखा है कि मामला कैंट थाना क्षेत्र का है, जहां सिपाही सआदत अली पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है।
5 मई 2023 को ईटीवी भारत की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “लखनऊ के मोहनलालगंज से ड्यूटी से वापस आ रहे डायल 112 में तैनात सिपाही सआदत अली को छात्रा से छेड़छाड़ करते हुए पकड़ा गया था। इस मामले में छात्रा की मां ने कैंट थाने में शिकायत दी थी, जिसके आधार पर सिपाही के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज हुआ था। सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसे बर्खास्त करने की तैयारी चल रही है।”

3 मई 2023 को लखनऊ पुलिस के एक्स हैंडल से ईस्ट डीजीपी का बयान पोस्ट किया गया है, जिसमें वह केस दर्ज होने और आरोपी को निलंबित करने की जानकारी दे रहे हैं।
इस बारे में लखनऊ कैंट थाना प्रभारी गुरप्रीत कौर का कहना है कि वायरल वीडियो करीब डेढ़ साल पुराना है। सिपाही को सस्पेंड कर गिरफ्तार कर लिया गया था। कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है।
पुराने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर ‘रितेश देशमुख ( ᴘᴀʀᴏᴅʏ )’ के 8783 फॉलोअर्स हैं। जनवरी 2024 से सक्रिय इस अकाउंट से 1,086 यूजर्स को फॉलो किया जाता है।
निष्कर्ष: लखनऊ में मई 2023 में एक सिपाही पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा था। मामला सामने आने के बाद सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। उस घटना के वीडियो को हालिया समझकर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : लखनऊ में शहादत अली नाम के पुलिसकर्मी ने छात्रा से छेड़छाड़ की है।
- Claimed By : X User- रितेश देशमुख ( ᴘᴀʀᴏᴅʏ )
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












