X
X

Fact Check : चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत के बाद नहीं बजा भजन, वायरल वीडियो एडिटेड है

पाकिस्तान से मैच जीतने के बाद गणेश भजन बजाये जाने के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो दुबई का नहीं, बल्कि भारत का है। एडिटिंग की मदद से दो वीडियो को एक साथ जोड़कर बनाया गया है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पाकिस्तान आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी कर रहा है, लेकिन भारतीय टीम के मैच दुबई के  इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हो रहे हैं। भारत के साथ मैच खेलने के लिए पाकिस्तान भी दुबई पहुंचा था। इस मैच में पाकिस्तान को छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्टेडियम में गणेश भजन को बजते हुए देखा जा सकता है। इस पोस्ट को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि भारतीय टीम के मैच जीतने के बाद स्टेडियम में गणेश भजन चलाया गया। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो दुबई का नहीं, बल्कि भारत का है। वायरल वीडियो को एडिटिंग की मदद से दो वीडियो को एक साथ जोड़कर बनाया गया है। पहला वीडियो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की 50वीं वर्षगांठ के एक कार्यक्रम का है। जबकि दूसरा वीडियो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच हुए तीसरे वनडे मैच का है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर meenakshikanu ने 24 फरवरी 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “इंडिया जीतने की खुशी में गणेश आरती।”

वीडियो पर लिखा हुआ है, “इंडिया के जीतने की खुशी में गणेश आरती ही लगा दी। पाकिस्तान वालों के सामने लगाई अपनी गणेश आरती। भारत 6 विकेट से जीता।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें पहला वीडियो sanchitd43 नामक एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो 19 जनवरी 2025 को अपलोड हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम का है। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स पर मिलते-जुलते वीडियो जनवरी 2025 में अपलोड हुए मिले। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की 50वीं वर्षगांठ कार्यक्रम का है। 

पड़ताल के दौरान हमें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की 50वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम से जुड़ी कई न्यूज रिपोर्ट्स भी मिली।

जांच के क्रम में  हमें वायरल वीडियो का दूसरा हिस्सा sanchitd43 के ही इंस्टाग्राम पेज पर 13 फरवरी 2025 को अपलोड हुआ मिला। मौजूद जानकारी के अनुसार, वीडियो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम का है। दरअसल, वीडियो भारत और इंग्लैंड के बीच हुए तीसरे वनडे मैच का है। 

वीडियो में एक जगह पर बोर्ड पर इंग्लैंड 175/8 पर 30.3 ओवर में लिखा हुआ नजर आता है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के स्पोर्ट्स एडिटर अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे को गलत बताया। 

अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब 200 लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पाकिस्तान से मैच जीतने के बाद गणेश भजन बजाये जाने के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो दुबई का नहीं, बल्कि भारत का है। एडिटिंग की मदद से दो वीडियो को एक साथ जोड़कर बनाया गया है। पहला वीडियो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की 50वीं वर्षगांठ के एक कार्यक्रम का है। जबकि दूसरा वीडियो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच हुए तीसरे वनडे मैच का है। 

  • Claim Review : चैपियंस ट्रॉफी में भारत के पाकिस्तान से मैच जीतने के बाद बजा गणेश भजन।
  • Claimed By : Inst user meenakshikanu
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later