X
X

Fact Check : होली पर बकरा चोरी करने की घटना एक साल पुरानी, भ्रामक दावे से हुई वायरल 

होली पर बकरा चोरी को लेकर वायरल पोस्ट एक साल पुरानी घटना की है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Mar 17, 2025 at 02:24 PM
  • Updated: Mar 17, 2025 at 03:00 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर होली को लेकर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में कहा जा रहा है कि होली पर मटन खाने के लिए कुछ लोगों ने बकरा चुराया। पोस्ट को हाल का बताते हुए शेयर किया जा रहा है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रही घटना बिहार के गोपालगंज की है। घटना हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि एक साल पुरानी है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘मोहम्मद असगर’ ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “गलती बकरे की है बाहर ही नहीं निकलता चाहिए था। साल में तो एक बार ही आती है होली। गलती प्रशासन की भी है, बकरे को त्रिपाल से ढक कर क्यों नहीं रखा।”

पोस्ट पर लिखा हुआ है, “होली पर मटन खाने के लिए चुराया बकरा, मचा बवाल।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल पोस्ट पर न्यूज 24 का लोगो लगा हुआ है। ऐसे में हमने पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने न्यूज 24 के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगालना शुरू किया। हमें वायरल पोस्ट न्यूज 24 के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। पोस्ट को 17 मार्च 2024 को शेयर किया गया था।

मौजूद जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 17 मार्च 2024 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ गांव में बकरे की चोरी के आरोप में तीन किशोर को घर में बंद कर पिटाई करने का मामला सामने आया था।”

वीएसआरएस न्यूज की वेबसाइट पर 17 मार्च 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, शंभू सहनी का बकरा घर पर नहीं मिल रहा था। उसने मोहल्ले में बकरे को ढूंढना शुरू किया। फिर उसे पता चला कि गांव के तीन किशोर ने बकरे को चोरी कर अपने पास रखा हुआ है। इसके बाद उसने तीनों लड़कों को ढूंढ कर उनके साथ मारपीट की। मामले को बढ़ता देख पुलिस को बुलाया गया। पुलिस सभी को लेकर थाने पहुंची। वहां पर तीनों नाबालिगों ने बकरा चोरी करने की बात कबूल की और बताया कि बकरे को उन्होंने अपने मामा के घर पर छुपाया था। फिर पुलिस की मदद से दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले को सुलझा लिया।

हमें दावे से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट पब्लिक ऐप नामक वेबसाइट पर 16 मार्च 2024 को अपलोड हुई मिली।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के गोपालगंज के रिपोर्टर मनीष कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल घटना करीब एक साल पुरानी है।

अंत में हमने पोस्ट को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को तीन हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि होली पर बकरा चोरी को लेकर वायरल पोस्ट एक साल पुरानी है और बिहार की है।

  • Claim Review : होली पर मटन खाने के लिए बकरा किया चोरी।
  • Claimed By : FB User Mohd Asgar
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later