Fact Check: चंदौली में शख्स को थप्पड़ मारते डीएसपी अनिरुद्ध सिंह का पुराना वीडियो वायरल
मई 2023 में निकाय चुनाव के दौरान उस समय चंदौली में तैनात डिप्टी एसपी अनिरुद्ध सिंह ने झड़प के बाद सपा समर्थक को थप्पड़ मार दिया था। उस घटना के वीडियो को हाल का समझकर शेयर किया जा रहा है, जबकि अनिरुद्ध सिंह का जुलाई 2024 में चंदौली से अयोध्या तबादला हो गया था।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Mar 25, 2025 at 05:41 PM
- Updated: Mar 25, 2025 at 06:05 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। डीएसपी अनिरुद्ध सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उनको बाजार के बीच में एक शख्स को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। उस दौरान वहां काफी पुलिसकर्मी भी दिख रहे हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के चंदौली के सीओ अनिरुद्धसिंह ने भरे बाजार तमाम पुलिसकर्मियों के सामने एक बुजुर्ग को थप्पड़ मार दिया।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो मई 2023 का है। उस समय निकाय चुनाव के दौरान उन्होंने सपा समर्थक को थप्पड़ जड़ दिया था। इस समय अनिरुद्ध सिंह अयोध्या में तैनात हैं। चंदौली से पिछले साल जुलाई में उनका तबादला हो गया था।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर ‘अध्यक्ष आदर्श शुक्ला’ ने 25 मार्च को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“यूपी पुलिस के उच्च अधिकारी भी सरेआम बुजुर्गों को थप्पड़ मार रहे हैं, उत्तर प्रदेश के जिला चंदौली सुपर कॉप/रील्स बनाने वाले मशहूर DSP/CO अनिरुद्धसिंह ने भरे बाज़ार तमाम पुलिसकर्मी के सामने गुस्से के साथ एक बुजुर्ग आदमी को थप्पड़ जड़ दिया।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। भारत समाचार के एक्स हैंडल से 6 मई 2023 को वायरल वीडियो को पोस्ट किया गया है। इसमें लिखा है कि चंदौली के डिप्टी एसपी अनिरुद्ध सिंह ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को थप्पड़ मारा।
इस पोस्ट के जवाब में चंदौली पुलिस ने लिखा कि इस मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक सदर को सौंपी गई है। जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ईटीवी भारत की वेबसाइट पर 6 मई 2023 को छपी खबर के अनुसार, यूपी निकाय चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया है। इस दौरान शाम को पूर्व चेयरमैन के बेटे से किसी मामले को लेकर कूड़ा बाजार चौकी इंचार्ज की बहस हुई। इसके बाद सीओ अनिरुद्ध सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। इस बीच अनिरुद्ध सिंह ने सपा के पूर्व चेयरमैन के बेटे को थप्पड़ जड़ दिया। इस दौरान विरोध करने वाले एक बुजुर्ग सपा नेता को भी थप्पड़ पड़ गया। एसपी के आदेश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

4 मई 2023 को अमर उजाला की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “सीओ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि मतदान के बाद मैनताली का सपा सभासद उम्मीदवार राजेश जायसवाल और उसका बेटा फर्जी वोटिंग करना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो वो दुर्व्यवहार करने लगे। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। राजेश के समर्थन में समर्थक पुलिस से उलझने लगे। जब वह वहां पहुंचे तो करीब 300 लोग हंगामा कर रहे थे। हटाने पर राजेश जायसवाल का भतीजा और पूर्व चेयरमैन का पुत्र अखिलेश उनसे उलझ गया। बात बढ़ने पर उसे एक थप्पड़ जड़ा और हिरासत में लिया।” खबर में इस घटना की तस्वीरें भी अपलोड की गई हैं।

13 जुलाई 2024 को चंदौली समाचार नाम की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट के मुताबिक, अनिरुद्ध सिंह का तबादला अयोध्या कर दिया गया है।
इस बारे में हमने चंदौली में दैनिक जागरण के रिपोर्टर प्रदीप सिंह से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह वीडियो करीब दो साल पहले हुए निकाय चुनाव के दौरान का है। इस मामले में एसपी ने जांंच सौंपी थी। अब तो वह यहां तैनात नहीं हैं।
पुराने वीडियो को हाल का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। लखनऊ में रहने वाले यूजर के करीब 3600 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: मई 2023 में निकाय चुनाव के दौरान उस समय चंदौली में तैनात डिप्टी एसपी अनिरुद्ध सिंह ने झड़प के बाद सपा समर्थक को थप्पड़ मार दिया था। उस घटना के वीडियो को हाल का समझकर शेयर किया जा रहा है, जबकि अनिरुद्ध सिंह का जुलाई 2024 में चंदौली से अयोध्या तबादला हो गया था।
- Claim Review : उत्तर प्रदेश के चंदौली के पुलिस अधिकारी सीओ अनिरुद्धसिंह ने भरे बाजार तमाम पुलिसकर्मियों के सामने एक बुजुर्ग को थप्पड़ मार दिया।
- Claimed By : FB User- अध्यक्ष आदर्श शुक्ला
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












