Fact Check: वक्फ (संशोधन) विधेयक पर राहुल गांधी के केवल वोटिंग के लिए लोकसभा आने का दावा फेक, चर्चा में थे मौजूद
लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पर केवल वोटिंग के दौरान संसद में राहुल गांधी के आने का दावा फेक है। इस विधेयक पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी लोकसभा में मौजूद थे। चूंकि इस विधेयक पर लोकसभा में करीब 12 घंटे से अधिक चर्चा चली थी, इसलिए सांसदों ने बीच-बीच में ब्रेक लिया था।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Apr 4, 2025 at 04:28 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। संसद के दोनों सदनों से लंबी चर्चा के बाद वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 के पारित होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि वे इस विधेयक पर चर्चा के दौरान लोकसभा में उपस्थित नहीं रहे, लेकिन देर रात जब इस विधेयक पर वोटिंग की बारी आई तो वह लोकसभा पहुंच गए।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। करीब 12 घंटे की बहस के बाद लोकसभा ने इस विधेयक को पारित कर दिया था और इस दौरान हुई चर्चा में राहुल गांधी उपस्थित थे। बताते चलें कि इस दौरान हुई वोटिंग में विधेयक के समर्थन में जहां 288 मत पड़े, वहीं इसके खिलाफ 232 सदस्यों ने मतदान किया। लोकसभा में पारित होने के बाद राज्यसभा ने भी इस विधेयक को पारित कर दिया है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Karan Kumar Swami’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “हिन्दुओं आँखे खोल के देख लो…राहुल गाँधी सुबह से सदन में नहीं था। लेकिन अब रात 10 बजे तुम्हारी सम्पत्तियों पर अवैध कब्जे करवाने की नीयत से वक्फ बिल के खिलाफ वोट डालने संसद पंहुच चुका है! आखिर है तो फ़िरोज़ का पोता ही।”
कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
दो अप्रैल को किरेन रिजिजू ने मुसलमान वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 को पेश किया था, जो मुसलमान वक्फ अधिनियम, 1923 का संशोधन विधेयक था।
न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विधेयक पर लोकसभा में करीब 12 घंटे से अधिक की चर्चा हुई और फिर इसे सदन ने पारित कर दिया। इस विधेयक के पक्ष में जहां 288 सदस्यों ने मतदान किया, वहीं इसके खिलाफ 232 मत पड़े।
भारतीय संसद के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर इस पूरी चर्चा का वीडियो मौजूद है। इस विधेयक पर जब असम के जोरहाट से कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई अपनी राय रख रहे थे (कार्यवाही समय: दोपहर एक बजकर 16 मिनट) तब राहुल गांधी सदन में ही मौजूद थे।
इसके बाद जब केरल के अलापुझा से कांग्रेसी सांसद के सी वेणुगोपाल इस विधेयक पर अपनी राय रख रहे थे (कार्यवाही समय: शाम करीब छह बजे) तब भी राहुल गांधी लोकसभा में मौजूद थे।
कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में इस विधेयक पर चर्चा के दौरान सदन में राहुल गांधी की मौजूदगी को देखा जा सकता है।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, हालांकि, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर लोकसभा में हुई चर्चा में भाग नहीं लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, “राहुल गांधी के इस रवैये पर गुरुवार (3 अप्रैल.2025) को मुस्लिम नेताओं ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए निराशा व्यक्त की।”
वहीं, राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस विधेयक की आलोचना करते हुए वक्फ (संशोधन) विधेयक को मुसलमानों को हाशिए पर धकेलने और उनके संपत्ति अधिकारों को छीनने का “हथियार” बताया।
लोकसभा में चर्चा के अंत में (कार्यवाही समय रात के 12 बजकर 30 मिनट से आगे) जब इस विधेयक पर वोटिंग हुई तो उस वक्त भी संसद में राहुल गांधी मौजूद थे। इस विधेयक के पक्ष में 288 मत, जबकि विपक्ष में 232 मत पड़े।
वायरल दावे को लेकर हमने इस विधेयक की संसदीय कार्यवाही को कवर करने वाले पीटीआई-भाषा के पत्रकार दीपक रंजन समेत कई अन्य पत्रकारों से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी सदन में मौजूद थे।”
वायरल पोस्ट में ‘फिरोज’ के पोते के तौर पर राहुल गांधी का जिक्र किया गया है, जो उनकी धार्मिक पहचान को लेकर भ्रम फैलाता है। बताते चलें कि इंदिरा गांधी के पति का नाम फिरोज गांधी था, जो पारसी थे और उनके पिता का नाम जहांगीर फरदून था।
संबंधित फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
वायरल वीडियो को भ्रामक दावे से शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब दो हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पर केवल वोटिंग के दौरान संसद में राहुल गांधी के आने का दावा फेक है। इस विधेयक पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी लोकसभा में मौजूद थे। चूंकि इस विधेयक पर लोकसभा में करीब 12 घंटे से अधिक चर्चा चली थी, इसलिए सांसदों ने बीच-बीच में ब्रेक लिया था। लोकसभा में दो अप्रैल को इस विधेयक के पारित होने के बाद तीन अप्रैल को लंबी चर्चा के बाद राज्यसभा ने भी इस विधेयक को पारित कर दिया। राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद यह विधेयक कानून बन जाएगा।
- Claim Review : वक्फ संशोधन विधेयक पर केवल वोटिंग के दौरान संसद में आए राहुल गांधी।
- Claimed By : FB User-Karan Kumar Swami
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












