Fact Check: फारूक अब्दुल्ला का “पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनीं” बयान पुराना और अन्य मामले से संबंधित, पहलगाम हमले से नहीं है लेनादेना
फारूक अब्दुल्ला का "पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखीं" का बयान पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद का नहीं है। उनका यह बयान करीब साल पुराना है, जब उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पीओके के भारत में विलय वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऐसा कहा था।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Apr 24, 2025 at 05:18 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमलों की चौतरफा निंदा के बीच सोशल मीडिया यूजर्स जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें यह कहते हुए देखा और सुना जा सकता है कि “पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं और उनके पास भी परमाणु बम है।” वायरल वीडियो क्लिप को पहलगाम हमले के बाद से सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया जा रहा है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि अब्दुल्ला का बयान आतंकी हमले के बाद का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल बयान का पहलगाम आतंकी हमले से कोई संबंध नहीं है, बल्कि उनका यह बयान पिछले साल का है, जब उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के “पीओके का भारत में विलय होगा” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि “पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखी है” और उसके पास भी परमाणु बम है, जो दुर्भाग्य से पहले हम पर गिरेगा। इसी पुराने बयान को हालिया पहलगाम आतंकी हमले के संदर्भ में भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Shatrudhan Pandey’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, ” भारत के सामने पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी है पाकिस्तान भारत को करारा जवाब देगा
याद रखें पाकिस्तान के पास भी एटम बम है ;- फारूक अब्दुल्ला मुख्यमंत्री जम्मू-कश्मीर Narendra Modi Amit Shah PMO India सबसे पहले इन हिंदुस्तान में पल रहे गद्दार पाकिस्तान परस्त लोगों की गान में गोली मारी जाएं।”
कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान संदर्भ में शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो क्लिप के आधार पर की-वर्ड सर्च में हमें कई पुरानी रिपोर्ट्स मिली, जिसमें फारूक अब्दुल्ला के इस बयान का जिक्र है।
एनडीटीवी.कॉम की छह मई 2024 की “Pakistan Not Wearing Bangles”: Farooq Abdullah’s Controversial Comment” हेडलाइन से लिखी रिपोर्ट के मुताबिक, “केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणी, “पीओके का भारत में विलय होगा,” पर प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं और उसके पास परमाणु बम भी हैं, जो हम पर गिरेंगे।”
अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में अब्दुल्ला के बयान का समान संदर्भ में जिक्र है।
बिजनेस टुडे की छह मई 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, “राजनाथ सिंह ने रविवार को समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि भारत को बलपूर्वक पीओके पर कब्जा नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि वहां के लोग स्वयं ही भारत का हिस्सा बनना चाहेंगे।”
इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अब्दुल्ला ने कहा था, “यदि रक्षा मंत्री ऐसा कह रहे हैं, तो आगे बढ़ें। हम कौन होते हैं रोकने वाले? लेकिन याद रखें, उन्होंने (पाकिस्तान ने) भी चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। उनके पास परमाणु बम हैं और दुर्भाग्य से, वह परमाणु बम हम पर गिरेगा।”
हमारी जांच से स्पष्ट है कि अब्दुल्ला का यह बयान पहलगाम हमले से संबंधित नहीं है। न्यूज सर्च में हमें आज तक की रिपोर्ट मिली, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले को लेकर बात करने के दौरान फारूक अब्दुल्ला के भावुक होने का जिक्र है।
वीडियो रिपोर्ट में उन्हें कड़े शब्दों में आतंकी हमले की निंदा करते हुए पाकिस्तान की लानत-मलानत करते हुए सुना जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, “जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने आतंकी हमले पर चर्चा की। उन्होंने राष्ट्रीय एकता की आवश्यकता पर जोर दिया और कश्मीर के सुरक्षा मामलों में दोहरी नियंत्रण प्रणाली की आलोचना की..वहीं जवाब देते-देते भावुक हो गए।”
वायरल वीडियो को लेकर हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण के कश्मीर के संवाददाता नवीन नवाज से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “यह वीडियो पहलगाम हमले से काफी पहले का है।”
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब एक लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कुल 26 लोग मारे गए हैं, जिसमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। पहलगाम आतंकी हमले से संबंधित अन्य फेक व भ्रामक दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: फारूक अब्दुल्ला का “पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखीं” का बयान पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद का नहीं है। उनका यह बयान करीब साल पुराना है, जब उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पीओके के भारत में विलय वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऐसा कहा था।
बताते चलें कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए ज्यादा से ज्यादा संख्या में पर्यटकों से कश्मीर आने की अपील की, ताकि पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके। एक न्यूज चैनल पर इस हमले को लेकर बात करते वक्त अब्दुल्ला रोने तक लगे।
- Claim Review : पहलगाम हमले के बाद फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखी है।
- Claimed By : FB User-Shatrudhan Pandey
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












